धान खरीदी में हेराफेरी का बड़ा खुलासा: 28.52 लाख की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। थाना मस्तुरी क्षेत्र अंतर्गत धान खरीदी केंद्र में हेराफेरी कर शासन को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने के मामले में बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने 920 क्विंटल धान की फर्जी खरीदी दर्शाकर करीब 28 लाख 52 हजार रुपये का गबन किया था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराध क्रमांक 821/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 338, 336(3) एवं 340(2) में मामला दर्ज किया गया है। यह मामला सेवा सहकारी समिति मर्यादित, धान खरीदी केंद्र एरमसाही (पंजीयन क्रमांक 687) से जुड़ा है।

प्रकरण में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, मस्तुरी द्वारा थाना मस्तुरी में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025 के दौरान धान खरीदी कार्य में गंभीर अनियमितता की गई है। संयुक्त जांच दल द्वारा भौतिक सत्यापन किए जाने पर समिति केंद्र में 920 क्विंटल धान कम पाया गया

जांच में सामने आया कि धान खरीदी केंद्र एरमसाही के कंप्यूटर ऑपरेटर कांशी राम खुटे (31 वर्ष), पिता अंजोरी खुटे, निवासी एरमसाही, थाना व तहसील मस्तुरी ने जानबूझकर फर्जी धान खरीदी दर्ज की। इस हेराफेरी के कारण शासन को करीब 28.52 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई, जो कि धान उपार्जन नीति 2025 का स्पष्ट उल्लंघन है।

मामला पंजीबद्ध कर विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के निवास स्थान पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे 16 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शासन की योजनाओं में भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!