

बिलासपुर। रेंज साइबर थाना बिलासपुर ने ऑनलाइन साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल होने वाले फर्जी बैंक खातों यानी म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले 6 महीनों से फरार था और लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
पकड़ा गया आरोपी दीपक विश्वकर्मा (45 वर्ष) निवासी हेमूनगर, थाना तोरवा बिलासपुर का मूल निवासी है, जो वर्तमान में रायपुर के अमलीडीह स्थित अपार्टमेंट में रह रहा था। उसके खिलाफ साइबर थाना बिलासपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 09/2025, 12/2025, 13/2025, 14/2025 और 16/2025 में कार्रवाई की गई है।
कैसे सामने आया पूरा नेटवर्क
पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज डॉ. संजीव शुक्ला और पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर ‘म्यूल अकाउंट’ की गहन जांच शुरू की गई। नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर संदिग्ध खातों की पहचान कर जांच टीम ने पीड़ितों से संपर्क कर विस्तृत जानकारी जुटाई।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी दीपक विश्वकर्मा लोगों को 5,000 से 10,000 रुपये का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था। बाद में वही खाते फर्जी ऐप, डिजिटल अरेस्ट, शेयर ट्रेडिंग फ्रॉड, क्रिप्टो इन्वेस्ट, गूगल रिव्यू टास्क, बैंक KYC अपडेट और विभिन्न ऑनलाइन ठगी में उपयोग होते थे।
फरारी के दौरान ट्रेन में कोच अटेंडर बनकर छुपा था आरोपी
खाता धारकों की गिरफ्तारी शुरू होते ही दीपक पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए अपने घर से फरार हो गया। फरारी के दौरान वह रेलवे में कोच अटेंडर का काम करने लगा ताकि लगातार यात्राओं के जरिए पकड़ से बच सके।
इसके जरिए वह यूपी, दिल्ली और भोपाल में अपने साथियों तक फर्जी बैंक खाते पहुंचाता था। तकनीकी विश्लेषण और इनपुट के आधार पर पुलिस ने उसे बिलासपुर में ही दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पहले उसने अपने ही बेटे के कहने पर कई बैंक खातें खुलवाए। इसके बाद वह दूसरों से भी कमीशन पर खाते इकट्ठा कर विभिन्न साइबर अपराधियों तक पहुंचाता था।
पुलिस टीम का उल्लेखनीय योगदान
कार्रवाई में सीएसपी सिविल लाइन श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में,
निरीक्षक गोपाल सतपथी, प्रभारी रेंज साइबर थाना
सउनि सुरेश पाठक,
प्रधान आरक्षक सैय्यद साजिद और आरक्षक विक्कू सिंह ठाकुर का विशेष योगदान रहा।
रेंज साइबर थाना बिलासपुर की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के संगठित नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है।
