नेहरू चौक में हुआ रजिस्ट्री की नई गाइडलाइन और 5 डिसमिल भूमि प्रतिबंध के विरोध में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन

बिलासपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर/ग्रामीण) ने नेहरू चौक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन करते हुए रजिस्ट्री की नई गाइडलाइन और 5 डिसमिल से कम जमीन की बिक्री पर रोक के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन से पहले बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में एकत्र हुए और “मुख्यमंत्री मुर्दाबाद”, “नई गाइडलाइन वापस लो”, “5 डिसमिल जमीन की बिक्री खोलो” जैसे नारे लगाते हुए रैली की शक्ल में नेहरू चौक पहुंचे। पुलिसकर्मी भी उनके साथ-साथ चल रहे थे। जैसे ही कांग्रेसी नेहरू चौक पहुंचे, पुतला दहन किया गया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई। कार्यकर्ताओं ने दूसरा पुतला भी आग के हवाले कर दिया, वहीं पुलिस पानी खत्म हो जाने के कारण कार्रवाई करने में असहाय नजर आई।

सरकार का निर्णय मध्यम वर्ग पर हमला : शहर अध्यक्ष

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि विष्णुदेव सरकार ने रजिस्ट्री की गाइडलाइन में 100 प्रतिशत तक वृद्धि कर मध्यम वर्ग के घर बनाने के सपनों को चूर कर दिया है।
उन्होंने कहा कि “जनता पहले ही महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है। मध्यम वर्ग जीवन भर की कमाई से मुश्किल से मकान बनाता है, लेकिन सरकार की इस गाइडलाइन ने उसकी योजना ही ध्वस्त कर दी है। जमीन खरीदने में ही पूरी पूंजी खर्च हो जाएगी। रजिस्ट्री बंद होने से भविष्य में सरकार को भी राजस्व नुकसान होना तय है।”
कांग्रेस ने इस निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की।

5 डिसमिल भूमि रजिस्ट्री बंद करना गरीब विरोधी : ग्रामीण अध्यक्ष

ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि 5 डिसमिल से कम जमीन की रजिस्ट्री रोकना सीधे गरीबों पर प्रहार है।
उन्होंने कहा कि “गरीब अपने सामाजिक कार्यों के लिए भी जमीन नहीं बेच सकता। छोटे टुकड़ों में एक से अधिक हिस्सेदार होंगे तो न तो वे मकान बना सकते हैं और न ही बेच सकते हैं। इसका पूरा खामियाजा गरीब परिवारों को भुगतना पड़ेगा।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार उद्योगपतियों के इशारे पर चल रही है और गरीबों के मकानों पर अवैध निर्माण के नाम पर बुलडोजर चला रही है।

कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति

प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, पूर्व अध्यक्ष विजय केशरवानी, पूर्व अध्यक्ष विजय पांडेय, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, प्रदेश पदाधिकारी पंकज सिंह, देवेंद्र सिंह, स्वप्निल शुक्ला, नरेंद्र बोलर, आशीष गोयल, भरत कश्यप, राकेश शर्मा, ऋषि पांडेय, समीर अहमद, जावेद मेमन, विनोद साहू, गीतांजलि कौशिक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही नई गाइडलाइन और भूमि रजिस्ट्री संबंधी प्रतिबंध वापस नहीं लिया, तो विरोध और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!