

बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने महज कुछ घंटों में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सभी आरोपियों के साथ एक विधि संघर्ष बालक को भी हिरासत में लेकर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
शराब पीने को लेकर विवाद, फिर चाकू से हमला
घटना 26 नवंबर की रात करीब 10 बजे की है। जानकारी के अनुसार, सुकुलकारी निवासी आरोपियों ने शराब पीने के नाम पर गाली-गलौज करते हुए पीड़ित पर चाकू से हमला किया। आरोपीगण ने हत्या की नीयत से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर फरार हो गए।
घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, वहीं पचपेड़ी पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तुरंत एक्शन
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह ने तत्काल आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने मुखबिरों को सक्रिय किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
चंद घंटों में चारों आरोपी गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने त्वरित दबिश देकर सभी आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम—
- कमल कुमार महिलांगे, पिता स्व. जेठू राम महिलांगे, उम्र 53 वर्ष
- राकेश कुमार महिलांगे, पिता कमल कुमार महिलांगे, उम्र 24 वर्ष
- जयश कुमार महिलांगे, पिता कमल कुमार महिलांगे, उम्र 19 वर्ष
- एक नाबालिग बालक, सभी निवासी सुकुलकारी, थाना पचपेड़ी
पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर सभी को विधिवत गिरफ्तार कर आज 27 नवंबर को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
पुलिस की तत्परता की सराहना
स्थानीय लोगों ने चाकूबाजी जैसे गंभीर मामले में पचपेड़ी पुलिस की तत्परता और चंद घंटों में गिरफ्तारी की कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच में जुटी है।
