


बिलासपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद बिलासपुर इकाई द्वारा रविवार, 28 सितम्बर 2025 को सामुदायिक भवन, सरजू बगीचा में भव्य कन्या भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां जगदम्बे की पूजा-अर्चना, आरती एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जिला अध्यक्ष प्रभा तिवारी एवं उपाध्यक्ष छाया पाण्डेय ने बताया कि इस अवसर पर 200 से अधिक कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर चुनरी ओढ़ाई गई, पैरों में रंग और माथे पर सिंदूरी टीका लगाया गया। इसके बाद खीर, पूड़ी, सब्जी, मिठाई व फल का भोग कराया गया तथा उन्हें उपहार देकर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

इस मौके पर वीर योद्धा टॉस्क फोर्स के अध्यक्ष एवं गौ सेवक राम सिंह ठाकुर का जन्मदिन भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द ओझा, महिला अध्यक्ष नमिता शर्मा, प्रदेश सलाहकार रज्जन अग्निहोत्री, कान्यकुब्ज ब्राह्मण अध्यक्ष अरविन्द दीक्षित, फिल्म कलाकार सुनील मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अतिथियों ने अपने उद्बोधन में नवरात्रि के दौरान कन्या पूजन की आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इस पुनीत आयोजन की प्रशंसा की। कार्यक्रम का संचालन प्रभा तिवारी ने किया जबकि आभार प्रदर्शन छाया पाण्डेय द्वारा किया गया।


