नगर भवन पर निकली मां सोलापुरी, भक्तों ने राह में स्वयं को बिछाया मां की चरणों में, सोलापुरी माता पूजा रजत जयंती समारोह आरंभ

श्री सोलापुरी माता पूजा सेवा समिति द्वारा माता पूजा रजत जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को मां सोलापुरी नगर भ्रमण पर निकली। पारंपरिक रूप से मां सोलापुरी का आगमन भव्य रूप से होता है। दोपहर बाद लोको कॉलोनी स्थित त्रिपुर सुंदरी मां मरी माई मंदिर में विधि विधान के साथ खड़कपुर से आए पुजारी पार्थ सारथी और पांच बाल पुजारियो ने मिलकर गीली हल्दी से देवी की प्रतिमा तैयार की, जिनका विशेष श्रृंगार मोगरे की माला से किया गया।

संध्या ढलते ही गाजेबाजे और पारंपरिक डफली के साथ मां की शोभायात्रा निकाली गई। मां की सवारी शीश पर धारण किये बाल पुजारी शोभायात्रा में आगे आगे चलते नजर आये। यह शोभा यात्रा जिस- जिस मार्ग से निकली, वहां सड़क पर झाड़ू लगाकर और जल छिड़क कर उसे साफ किया गया। पूरे मार्ग को निष्कंटक करने महिलाओं ने अपनी साड़ियां बिछा दी। पूरे मार्ग में रंगोलिया सजाई गई तो वहीं जगह-जगह नीम की टहनियों से स्वागत द्वार बनाए गए । मां सोलापुरी की शोभायात्रा बैंड बाजे और आतिशबाजी के साथ निकली।

इसके स्वागत में श्रद्धालु हाथ जोड़े रास्ते के दोनों और खड़े नजर आए। महिलाओं ने हल्दी और नीम युक्त जल से मां का अभिषेक किया तो वहीं श्रद्धालुओं ने सड़क पर लेटकर अपने ऊपर से देवी की प्रतिमा गुजरने दी । मान्यता है कि ऐसा करने से देवी का आशीर्वाद उन्हें प्राप्त होता है। रास्ते में जगह-जगह शोभायात्रा में सम्मिलित श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और शरबत एवं जल का वितरण किया गया। कई स्थानों पर शोभा यात्रा का स्वागत किया गया। यह शोभायात्रा न्यू लोको कॉलोनी से निकलकर नयापारा, अन्नपूर्णा कॉलोनी, हेमू नगर ओवरब्रिज, हेमू नगर चौक होते हुए कासिमपारा क्षेत्र में पहुंची। इसके बाद रेलवे की अलग-अलग कॉलोनियो में शोभायात्रा भ्रमण कर यहां रहने वाले देवी के भक्तों के द्वारा पहुंची।


वर्ष भर मां सोलापुरी के अलग-अलग स्वरूप की पूजा अर्चना करने श्रद्धालु उनके मंदिर जाते हैं लेकिन कृपालु देवी वर्ष में एक बार अपने भक्तों को दर्शन देने स्वयं उनके द्वार चली आती है। मान्यता है कि इस भीषण गर्मी के मौसम में मां सोलापुरी की पूजा अर्चना करने से गर्मी में होने वाली बीमारियों से मुक्ति मिलती है तो वही देवी की कृपा से वातावरण में शीतलता घुल जाती है।

बड़ी संख्या में सफेद गणवेश धारी वालंटियर के साथ देवी के भक्त इस शोभायात्रा में सम्मिलित हुए। शोभायात्रा नॉर्थ ईस्ट रेलवे कॉलोनी, कंट्रोल ब्लॉक, बंगलायार्ड , कंस्ट्रक्शन कॉलोनी, तारबाहर ए टाइप क्वार्टर, वॉयरलैस कॉलोनी होते हुए देर रात बारह खोली स्टेशन रोड स्थित पंडाल पहुंची, जहां पुजारी पार्थ सारथी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ देवी की स्थापना कर प्राण प्रतिष्ठा की। तत्पश्चात पूजा और आरती हुई । अब आगामी 4 मई तक यहां देवी के अलग-अलग स्वरूपो की स्थापना कर विधि विधान के साथ उनकी पूजा अर्चना की जाएगी।

आयोजन समिति के अध्यक्ष वी रामा राव ने बताया कि रजत जयंती वर्ष में समारोह को भव्य रूप से मनाया जा रहा है। बाहर खोली चौक पर विशाल पंडाल निर्मित किया गया है, जिसकी आकर्षक सजावट की गई है, तो वहीं खड़कपुर से मंगाई गई विशेष लाइट्स से विद्युत सज्जा की गई है। उन्होंने आगे बताया कि इस वर्ष देवी के उन स्वरूपों की स्थापना की जाएगी जिनकी स्थापना पहले कभी नहीं की गई, तो वहीं इस वर्ष देवी को अर्पित होने वाला प्रसाद भी अति विशिष्ट होगा। उन्होंने सभी से इस आयोजन में सम्मिलित होने का आवाहन भी किया है।

शुक्रवार को मां सोलापुरी शोभायात्रा की प्रतीक्षा में सड़क के दोनों ओर देर रात तक श्रद्धालु प्रतीक्षा करते नजर आए, जिन्होंने देवी के दर्शन कर स्वयं को धन्य अनुभव किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!