

बिलासपुर। बैसाखी पर्व के पावन अवसर पर दयालबंद गुरुद्वारे में खालसा साजना दिवस श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। यह कार्यक्रम 13 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें रोजाना दीवान सजाए जा रहे हैं और संगत को गुरबाणी की रसधार से निहाल किया जा रहा है।

शनिवार को गुरुद्वारे में विशेष दीवान सजाया गया, जिसमें गंगानगर से आए रागी गगनदीप सिंह ने मधुर शबद कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को भावविभोर कर दिया। इसके अलावा गुरुद्वारे के हजूरी रागी जत्था जोगेंदर सिंह और हेड ग्रंथी मान सिंह बड़ला ने भी अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया।
प्रतिदिन सुबह 7:30 से 9:15 बजे तक और शाम को 7 बजे से 8:45 बजे तक दीवान सजाए जा रहे हैं। वहीं, 13 अप्रैल को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 से 11 बजे तक साध संगत द्वारा शबद कीर्तन किया जाएगा। इसके बाद 11 से 12 बजे तक हजूरी रागी जत्था जोगेंदर सिंह, 12 से 12:30 बजे तक हेड ग्रंथी मान सिंह और 12:30 से दोपहर 2 बजे तक गगनदीप सिंह अपनी प्रस्तुति देंगे।

कार्यक्रम के समापन पर अटूट लंगर का आयोजन किया जाएगा, गुरुद्वारा प्रबंधन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गुरुकृपा का लाभ उठाएं।
