


बिलासपुर एसपी के निर्देश पर एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेन्द्र कुमार जायसवाल के दिशा-निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री निमितेश सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी कोतवाली) श्री अक्षय प्रमोद साबद्रा एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सरकंडा) श्री सिद्धार्थ बघेल के नेतृत्व में जिले के 8 शहरी थाना क्षेत्रों में यह अभियान प्रातः 6 बजे से 9 बजे तक संचालित किया गया।

इस अभियान के दौरान आदतन अपराधियों के निवास स्थान, संदेहियों, वारंटियों, बंजारा/डेरा-फेरी वालों एवं अन्य संदिग्धों की सरप्राइज चेकिंग की गई। अभियान का उद्देश्य शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाना, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण स्थापित करना और फरार वारंटियों को गिरफ्तार करना था।
अभियान के तहत अब तक:
- 50 गुंडा और 15 निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई,
- 11 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर तस्दीक की जा रही है,
- थाना सकरी एवं तोरवा क्षेत्र से 3 स्थायी और 3 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।
पुलिस का यह कदम न केवल अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी माना जा रहा है, बल्कि इससे आम जनता में भी सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
बिलासपुर पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
