

रायपुर। प्रदेश में गैर-सरकारी संगठनों (NGO) द्वारा विदेशी सहायता से प्राप्त धन के दुरुपयोग और मतांतरण से जुड़े मामलों को लेकर सरकार ने विधानसभा में स्थिति स्पष्ट की। गृहमंत्री ने सदन में बताया कि प्रशासन की सतर्कता के चलते मतांतरण संबंधी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कदम उठाए जा रहे हैं।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश में चंगाई सभाओं की आड़ में प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने की शिकायतें मिलने पर पुलिस ने त्वरित जांच कर कानूनी कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 और 2023 में ऐसा कोई मामला दर्ज नहीं हुआ, जबकि वर्ष 2020 में 01, वर्ष 2021 में 07, वर्ष 2022 में 03, वर्ष 2024 में 12 और वर्ष 2025 में अब तक 04 मामलों में FIR दर्ज कर कार्यवाही की गई है।
तीन बड़े मामलों में गिरफ्तारी
- बिलासपुर: 4 फरवरी 2025 को उत्तरा कुमार साहू की शिकायत पर थाना सकरी में अपराध क्रमांक 59/2025 के तहत FIR दर्ज कर 6 फरवरी को 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
- दुर्ग: 16 फरवरी 2025 को मीनाक्षी शर्मा की शिकायत पर थाना अमलेश्वर में अपराध क्रमांक 16/2025 दर्ज कर 3 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।
- रायपुर: 26 जनवरी 2025 को माया अग्रवाल की शिकायत पर थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 28/2025 दर्ज कर 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
सरकार ने जनता को दिलाया भरोसा
गृहमंत्री ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा मतांतरण का प्रयास किए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि पुलिस की तत्परता से आम जनता में प्रशासन के प्रति विश्वास बना हुआ है और किसी भी तरह का असंतोष नहीं है।
