कहीं कार तो कही मोटरसाइकिल की चाह में बहु को किया जा रहा था प्रताड़ित, दहेज प्रताड़ना के आरोप में ससुराल पक्ष गया जेल

विवाह के 6 माह बाद ही दहेज लोभी परिवार को सलाखों के पीछे जाना पड़ा है। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के बिनोरी में रहने वाली 20 वर्षीय निधि का विवाह 6 महीने पहले ही सोनपुरी मुंगेली में रहने वाले ओम कुमार पात्रे से सामाजिक रीति रिवाज के साथ हुआ था। अपने ससुराल में निधि 15 दिन भी सुख चैन से नहीं रह पाई। विवाह के बाद से ही कार की मांग को लेकर ससुराल पक्ष उसे प्रताड़ित करने लगा। छोटी-छोटी बात पर उलाहने दिए जाते और उसके साथ मारपीट भी की जाती। निधि 5 माह की गर्भवती है लेकिन उस पर जरा भी दया ना करते हुए ससुराल पक्ष द्वारा उल्टे उसके चरित्र पर शंका जाहिर करते हुए उसे घर से निकाल दिया गया। परेशान होकर निधि ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मुंगेली में शिकायत दर्ज की। एक महीने पहले निधि के पति और ससुराल पक्ष को महिला थाना परामर्श केंद्र में बुलाकर समझौते का प्रयास किया गया लेकिन बात नहीं बनी। जिसके बाद पुलिस ने दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करते हुए पति ओम कुमार पात्रे, देवर जयकुमार पात्रे, ननद ओम कुमारी पात्रे और ससुर हीरालाल पात्रे को गिरफ्तार किया है। यह सभी ग्राम सोनपुरी अमर टापू के पास मुंगेली के निवासी है और पेशे से किसान है, जिन्हें दहेज में कार चाहिए थी।

इसी तरह का एक और मामला महिला थाने में आया है। चिल्हाटी सरकंडा में रहने वाली राधा का विवाह खमरिया सतनामी मोहल्ला सीपत में रहने वाले आलोक मंडलोई से हुई थी । 2022 में हुई शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था, साथ ही एक लाख रुपए कैश भी मांगे जा रहे थे। इसी वजह से राधा को प्रताड़ित किया जा रहा था। इसकी शिकायत जब महिला थाने में कराई गई तो फिर दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास किया गया। बात नहीं बनने पर आरोपियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया। इस मामले में पुलिस ने राधा के पति आलोक मंडलोई , सास पवन रेखा मंडलोई , ससुर धरमलाल मंडलोई को गिरफ्तार किया है। यह भी खेती किसानी का काम करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!