मुंगेली की जागृति महिला मंडल की सदस्यों ने पूरे उल्लास के साथ मनाया सावन महोत्सव, खेलकूद , गीत संगीत, धार्मिक प्रवचन जैसे विभिन्न आयोजनों से जमा रंग

इस वर्ष दो सावन मास होने से महिलाएं दुगने उत्साह के साथ सावन महोत्सव मना रही है। इसी क्रम में गुरुवार को मुंगेली की जागृति महिला मंडल की सदस्यों ने भी सावन महोत्सव मनाया।

महिलाओं का प्रकृति के साथ गहरा संबंध है और श्रृंगार महिलाओं को अत्यंत प्रिय है। सावन के इस मास में प्रकृति ने जिस प्रकार से चहु ओर हरियाली का श्रृंगार कर रखा है, महिलाओं पर भी यही हरियाली का रंग इस मास में छाया हुआ है। पूरे सावन मास महिलाएं हरे रंग की चूड़ियां और हरे वस्त्र पहन कर ना केवल शिव आराधना करती है बल्कि आमोद प्रमोद गीत-संगीत का उत्सव भी मनाती है। हरा रंग जहां प्रकृति के श्रृंगार का परिचायक है तो वही यह रंग मन में उत्साह भी भरता है। जिस भांति प्रकृति ने इन दिनों हरियाली का श्रृंगार किया हुआ है उसी तरह सोलह श्रृंगार कर महिलाएं सावन महोत्सव मना रही है। इसी क्रम में मुंगेली की जागृति महिला मंडल द्वारा समिति की वरिष्ठ सदस्य और उपाध्यक्ष सरिता बाजपाई के सरदार पटेल वार्ड, बस स्टैंड स्थित निवास पर पूरे उत्साह, उमंग सावन महोत्सव मनाया गया, जहां आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक, गीत संगीत से भरे कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने पूरे मनोयोग से हिस्सा लिया।


यहां आयोजित रोचक खेल स्पर्धाओं में भाग लेते हुए जागृति महिला मंडल की सदस्यों ने खूब आमोद- प्रमोद किया। इस दौरान महिलाओं द्वारा गीत, संगीत और नृत्य का भी प्रदर्शन किया गया। संस्था की सदस्य मधु उप्पल प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था से जुड़ी हुई है, जिनके द्वारा धार्मिक और आध्यात्मिक ज्ञान के रूप में मुरली सुनाई गई , जिसे सभी सदस्यों ने मनोयोग से सुना और आत्मसात किया।
इन दिनों जिस प्रकार से प्रकृति में हरियाली का श्रृंगार किया हुआ है उससे प्रकृति का सौंदर्य चरम पर है, वैसा ही रंग महिलाओं पर भी चढ़ा हुआ है, जो ऐसे आयोजनों में छलक रहा है । मुंगेली में आयोजित सावन महोत्सव में संस्था की वरिष्ठ सदस्य सरिता बाजपेई के साथ ममता ठाकुर, शीला जयसवाल, कमल श्रीवास्तव, शकुन राजपूत, मधु उप्पल,लक्ष्मी सोनी, वंदना गुलहरे, संगीता छत्रिय, सुधा राजपूत के साथ अध्यक्ष मेघा मिश्रा ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!