प्रधानमंत्री के उद्बोधन को छत्तीसगढ़ में भी भाजपा नेताओं ने सुना, प्रदेश अध्यक्ष ने कहा , छत्तीसगढ़ का हर बूथ बहुत मजबूत

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम में दिए गए उद्बोधन को छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा नेताओं कार्यकर्ताओं ने मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण की तर्ज पर सामूहिक रूप से सुना। मैक कॉलेज ऑडिटोरियम मे आयोजित लाइव प्रसारण कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मंत्री प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत व वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्तागण शामिल हुए। मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम में शंकर नगर मंडल में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव, किशोर महानंद , प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने, मंडल अध्यक्ष अनूप खेलकर, हरीश ठाकुर व वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।सोनारपाल शक्ति केन्द्र के अंतर्गत ग्राम सोनारपाल के बूथ क्रमांक 260 में प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री का सीधा संवाद सुना।

रायपुर के वार्ड क्रमांक 48 के बूथ 56 (सदर बाजार मंडल) पर नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, वरिष्ठ नेता वर्धमान सुराना, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश सोनी, पूर्व उपाध्यक्ष खेमराज वैद्य, जिला महामंत्री रमेश ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष मनीषा चंद्राकर, जिला महिला मोर्चा उपाध्यक्ष पुष्पा साहू, युवा मोर्चा जिला महामंत्री राहुल राव, मंडल अध्यक्ष सदर बाजार प्रवीण देवड़ा, वरिष्ठ कार्यकर्ता कृष्ण कुमार अवधिया एवं भाजपा के पदाधिकारीगण तथा अनेक कार्यकर्तागण उपस्थित रहेl

कांकेर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, महावीर सिंह राठौर, दिलीप जयसवाल, देवेंद्र भाऊ, टिकेश्वर जैन, दिपक खटवानी, अरुण कौशिक, गिरधर यादव सहित सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस सहित सभी विरोधी दलों के घपले घोटालों, भ्रष्टाचार का कच्चा चिट्ठा रखते हुए मनरेगा घोटाले, कोल घोटाले, चारा घोटाले, सारदा घोटाले, टू जी घोटाले सहित सभी बड़े बड़े घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार ही इनकी गारंटी है। हमारी भी एक गारंटी है कि इन घोटालेबाजों को छोड़ेंगे नहीं। भाजपा कार्यकर्ता हर बूथ तक यह बतायें कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की गारंटी है और भाजपा सबके विकास और सबके विश्वास, सबके साथ की गारंटी है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संवाद सुनने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ सशक्तिकरण अभियान के दौरान छत्तीसगढ़ में इतनी अधिक मेहनत की है कि छत्तीसगढ़ का हर बूथ बहुत मजबूत है। हमारे कार्यकर्ताओं ने मेरा बूथ सबसे मजबूत के ध्येय के साथ हर बूथ को भाजपा का अभेद्य किला बना दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने कांग्रेस के त्रिआयामी घोटालों को हम सब के सामने रखा। अब कांग्रेस की इस अपार भ्रष्टाचार गाथा को हमें हर बूथ तक जनता के बीच जाकर बताना है। छत्तीसगढ़ में मनरेगा घोटाला हुआ, गोठान घोटाला हुआ, गोबर घोटाला हुआ, चारा घोटाला हुआ, आवास घोटाला हुआ, डीएमएफ घोटाला हुआ, राशन घोटाला हुआ, केंद्र द्वारा दिये गए अतिरिक्त अनाज का घोटाला हुआ, राइस मिलिंग में चावल घोटाला हुआ, अरबों रुपये का कोल घोटाला हुआ, 2 हजार करोड़ का शराब घोटाला हुआ, पीएससी घोटाला हुआ। कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार तो घोटालेबाजी की वर्ल्ड चैंपियन है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस के इतिहास में घोटाला किंग के तौर पर दर्ज होने की पात्रता रखते हैं। भाजपा हर बूथ तक कांग्रेस सरकार के घोटालों की तस्वीर लेकर जायेगी।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रधानमंत्री का संवाद कार्यक्रम सुनने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि घोटालेबाजों की छुट्टी की घंटी बजाने हर बूथ तैयार है। भाजपा के कार्यकर्ता अब से कई माह पहले से ही हर एक बूथ को लगातार मजबूत कर रहे हैं। बूथ स्तर पर भाजपा के प्रादेशिक नेताओं के साथ राष्ट्रीय नेताओं तक ने मेहनत की है। यह क्रम लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन दिनों बूथ की तरफ जा रही है लेकिन उसके नेता अपने कार्यकर्ताओं को यह नहीं समझा पा रहे कि घोटालों से आकंठ डूबी भूपेश बघेल सरकार और गुटबाजी के भंवर में फंसी कांग्रेस की कौन सी सूरत लेकर जनता के बीच जाना है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार के तमाम घोटालों की दास्तान को भाजपा कार्यकर्ता हर मतदाता तक पहुंचाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!