श्री श्री सोलापुरी माता पूजा में शुक्रवार को 500 से अधिक सुहागिन महिलाओं ने की कुमकुम पूजा, आयोजन समिति के अध्यक्ष ने सभी को सपत्नीक किया सुहाग की सामग्री भेंट

बिलासपुर के बारह खोली चौक, दुर्गा मंदिर, स्टेशन रोड बंगला यार्ड में आयोजित श्री श्री सोलापुरी माता पूजा उत्सव में शुक्रवार को कुमकुम पूजन का आयोजन किया गया। इस पूजा में कुमकुम के प्रयोग के साथ पूजा के पश्चात सुहागीने एक दूसरे को कुमकुम लगाती है। इसी कारण इस पूजा का नामकरण कुमकुम पूजा हुआ। सत्यनारायण पूजा की ही भांति सुहागिन महिलाएं अपने सुहाग और संतान के लिए दीर्घायु और मंगल कामना करते हुए यह पूजा सम्पन्न करती है। सोलापुरी माता पूजा उत्सव में शुक्रवार को इस पूजा का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में शुक्रवार को आयोजित कुमकुम पूजा में 500 से अधिक सुहागिन महिलाएं शामिल हुई।

सुबह स्नान के पश्चात पारंपरिक सोलह श्रृंगार कर पूजा पंडाल पहुंची महिलाओं ने आकर्षक ढंग से अपना-अपना कलश सजाया। जिसके बाद पुजारी पार्थ सारथी के साथ मंत्रोच्चार और षोडशोपचार विधि से पूजा अर्चना की गई। पूजा अर्चना के पश्चात सभी सुहागिनों ने एक-दूसरे के ललाट पर कुमकुम का टीका लगाया। इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष वी रामा राव और उनकी पत्नी वी हेमलता द्वारा सभी सुहागिन महिलाओं को सुहाग की सामग्री भेंट की गई। इस विशेष अवसर पर राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेत्री हर्षिता पांडे भी मौजूद रही। उन्होंने कहा कि आयोजन रजत जयंती वर्ष की ओर बढ़ रहा है और इसकी लोकप्रियता दिन दूनी रात चौगुनी गति से बढ़ रही है। हर वर्ष यहां पूजा अर्चना करने वाले लोगों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। बिलासपुर में यह पूजा संपन्न होने से पूरे नगर को देवी का आशीर्वाद मिल रहा है। कुमकुम पूजा के अवसर पर आयोजन समिति और दानदाता सूरज प्रधान के सौजन्य से महिलाओं के लिए प्रीतिभोज का भी आयोजन किया गया, जिस में शामिल महिलाओं को पारंपरिक दक्षिण भारतीय व्यंजन परोसे गए।

माँ मुत्यालम्मा के समक्ष सुहागिन महिलाओं ने यह विशेष पूजा अर्चना कर अखंड सौभाग्य की कामना की, वहीं यह पूजा अपनी संतान की मंगल कामना के लिए भी की जाती है, जिसे लेकर हर बार की तरह इस बार भी अपार उत्साह दिखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!