पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमण ने बिलासपुर में सामाजिक संगठनों के प्रमुखों संग की बैठक, समस्याओं और मांगों से हुए अवगत, छत्तीसगढ़ बंगाली समाज के पल्लव धर ने दुर्गा पूजा के लिए सरकारी अनुदान देने का दिया सुझाव

15 साल सत्ता में रहने के बाद भाजपा की डॉक्टर रमन की अगुवाई वाली सरकार जिस तरह से सत्ता से बाहर हुई, वह भाजपा के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है। इस झटके से उबरते हुए अब भारतीय जनता पार्टी दुबारा प्रदेश में वापसी की तैयारी कर रही है। यह चुनाव किसके चेहरे पर लड़ा जाएगा यह भले ही अभी तक साफ ना हो ,लेकिन फिलहाल पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने मोर्चा संभाला हुआ है। जिस तरह से 5 साल पहले टीएस सिंह देव ने जन घोषणा पत्र के माध्यम से आम लोगों की नब्ज टटोलते हुए मांग और समस्याओं की जानकारी हासिल कर उसके अनुसार घोषणापत्र तैयार कर सत्ता हासिल की थी, उसी राह पर चलते हुए डॉ रमन भी कार्य कर रहे हैं। मिशन 2023 और 24 की तैयारी में बिलासपुर लोकसभा प्रभारी, पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन शुक्रवार को बिलासपुर पहुंचे।

यहां वे दिन भर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। इसी दौरान उन्होंने बिलासपुर सर्किट हाउस में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों से भी चर्चा की। अलग-अलग समाज के और संगठनों के पदाधिकारियों ने उनके समक्ष अपनी समस्याएं और मांग रखी। इसी दौरान छत्तीसगढ़ बंगाली समाज के प्रदेश महासचिव, पूर्व पार्षद और भाजपा नेता पल्लव धर ने भी बंगाली समाज का प्रतिनिधित्व करते हुए कहा कि बंगाल की तरह छत्तीसगढ़ में भी प्रवासी बंगाली उसी उत्साह और उमंग के साथ मां दुर्गा की उपासना करते हैं। पूरे छत्तीसगढ़ में ही शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा की पूजा पूरे भक्ति भाव के साथ की जाती है। 9 दिनों तक नव दुर्गा और चार दिवसीय दुर्गा पूजा के दौरान पूरे प्रदेश में उत्साह एवं उमंग का वातावरण रहता है। इससे जहां भारतीय सनातनी परंपराओं को बल मिल रहा है, तो वहीँ भारत की समृद्ध संस्कृति का भी संवर्धन हो रहा है।


प्रवासी होने के बावजूद लोग अपनी जड़ों से जुड़े हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के समक्ष अपनी बात रखते हुए छत्तीसगढ़ बंगाली समाज के प्रदेश महामंत्री पल्लव धर ने कहा कि बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्गा पूजा आयोजन समितियों को 21 से लेकर 60,000 तक का अनुदान देने की घोषणा की है। साथ ही राज्य सरकार पूजा आयोजकों को बिजली दरों में भी 60% की छूट देती है, जिससे दुर्गा पूजा जैसे बड़े आयोजन को और भी बेहतर तरीके से अंजाम दिया जा सकता है। बंगाल की ही तर्ज पर उन्होंने छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह की सहायता की मांग की। उन्होंने सुझाव दिया कि अगर 2023 में भाजपा सरकार की वापसी होती है तो भाजपा सरकार यह घोषणा अवश्य करे कि प्रदेश के सभी दुर्गा समितियों को ₹50,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही दुर्गा पूजा को और भी बेहतर तरीके से किए जाने हेतु अन्य सरकारी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने पल्लव धर के सुझाव को स्वीकार करते हुए उसे अपनी प्राथमिकता सूची में दर्ज किया है।


मीडिया से चर्चा करते हुए पल्लव धर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने उनकी बातों को बेहद गौर से सुना और उसे नोट भी किया है, जिससे उन्हें उम्मीद है कि भाजपा की सरकार बनते ही छत्तीसगढ़ में दुर्गा पूजा को प्रोत्साहित करने के लिए सरकारी अनुदान की घोषणा अवश्य होगी। इस अवसर पर तमाम सामाजिक संगठनों के प्रमुखों के साथ पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, जिला अध्यक्ष रामदेव कुमावत, आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
03:03