

सरकंडा के बहतराई क्षेत्र में गीतांजलि सिटी फेज 2 के पीछे मिली महिला की लाश की गुत्थी सरकंडा पुलिस ने सुलझा ली है। अवैध संबंधों और लव ट्रायंगल के चलते हत्या की बात सामने आई है। पुलिस ने हत्यारे को भी पकड़ लिया है। शनिवार सुबह मैदान में महिला की लाश मिली थी। उसके गर्दन पर गमछा लपेटा हुआ था, जिससे पुलिस को अंदेशा हुआ कि महिला का गला घोट कर उसकी हत्या की गई है। जांच के दौरान महिला के हाथ में शनिच टैटू लिखा हुआ मिला। शनिच महिला के पति का नाम था, जिसकी 4 साल पहले मौत हो गई थी। इसी आधार पर मृतक महिला की पहचान जबड़ा पारा निवासी मुन्नी बाई केवट के रूप में हुई। महिला के 5 बच्चे हैं। पति की मौत के बाद वह घरों में काम करके अपना गुजर-बसर करती थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला के दो प्रेमी है।

बताया जा रहा है कि 5 बच्चों की मां का दिल हलवाई अजय गुप्ता पर आ गया था लेकिन वह अपने पुराने प्रेमी को भी नहीं भूल पाई थी और उससे भी छुप-छुपकर मिलती थी। इसकी जानकारी अजय गुप्ता को हो गई तो उसने मुन्नी बाई को मिलने के लिए बुलाया। पहले उसे शराब पिलाई और फिर उससे झगड़ा करने लगा। झगड़े के दौरान गमछा से उसका गला घोट कर हत्या कर दी और लाश फेंक कर गायब हो गया। शुक्रवार की रात महिला के घर नहीं पहुंचने पर उसके बेटे ने उसके मोबाइल पर लगातार कॉल किया,लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। परिजन महिला को ढूंढ पाते इससे पहले ही शनिवार को उसकी लाश मिल गई।
