

चकरभाठा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात युवक की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है। ग्राम तेलसरा निवासी 38 वर्षीय संदीप सिंह ठाकुर को पीलिया था। शुक्रवार को अपना इलाज कराने वो बिलासपुर आया था। इलाज के बाद वह अपने गांव लौटा, लेकिन उसी दिन रात करीब 10:00 बजे उसकी रक्तरंजित लाश शत्रुघ्न किराना दुकान के पास लोगों ने देखी। सिर के आसपास धारदार हथियार से वार कर उसकी जान ले गई थी। जांच के दौरान पता चला कि संदीप शराब पीने का आदी था और गांव के कई लोगों से उसका विवाद था। जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता लगा कि संदीप के घर 62 साल का एक बुजुर्ग अपनी पत्नी, 22 साल के बेटे और एक अन्य रिश्तेदार के साथ रहते थे। कुछ दिन पहले विवाद के बाद संदीप ने उन्हें अपने घर से निकाल दिया था।
इस घटना के बाद से बुजुर्ग का 22 साल का बेटा और गांव के अन्य 3 लोग गायब है, जिनका मोबाइल भी बंद मिल रहा है। पुलिस को शक है कि संदीप की हत्या में उन्ही का हाथ हो सकता है। मुख्य संदेही का अंतिम लोकेशन घटना वाली रात 12:30 बजे बन्नाक चौक में मिला है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने उसे चकरभाटा क्षेत्र से पकड़ लिया है । तीन और जिन लोगों पर संदेह है, फिलहाल वे फरार है। जांच के दौरान यह भी पता चला कि संदीप का कई लोगों से विवाद था। संदीप गांव की एक युवती को भी परेशान किया करता था इसे लेकर भी विवाद चल रहा था।
