

बिलासपुर। निजी प्रवास पर शहर पहुँचे भाजपा के सीनियर लीडर और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने स्कूल शिक्षामंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम के बयान के बहाने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। पूर्वमंत्री ने कहा कि, प्रदेश में सरकार ही नशे में डूबी हुई है। नशा मुक्ति के कार्यक्रम में अगर मंत्री ये कहें कि शराब कैसे पीनी चाहिए, कैसे डायलूट करना चाहिए। सड़कों में गड्ढे हो जाए तो एक्सीडेंट कम होता है। इससे सरकार की सोच का पता चलता है कि वे बच्चों को ऐसी शिक्षा देंगे तो इस प्रदेश का भविष्य क्या होगा।वही कांग्रेस द्वारा भाजपा सांसद के लापता होने के आरोपो के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद नहीं बल्कि, कांग्रेस पार्टी लापता है। पूरा छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार को ढूंढ रहा है।

सरकार का काम आंदोलन करना नहीं जनता की सेवा करना है। जो सड़कों के गड्ढे भर नहीं पा रहे हैं वे आज आंदोलन कर रहे हैं। इसका मतलब साफ है सरकार के पास कोई काम नहीं बचा है जनता इनसे नाराज है। इसलिए वे आंदोलन कर रहे हैं। समस्या ये नहीं है लोग ट्रेन में सफर नहीं कर पा रहे हैं। समस्या यह है कि लोगो को सड़क पानी बिजली चाहिए। सड़क पानी बिजली मिले इसलिए ट्रेनों को बंद किया गया है। सफर से ज्यादा अभी बिजली पानी जरूरी है।
