मुंगेली खेल परिसर में 50 फीट ऊंचे स्तम्भ पर विशालकाय तिरंगा का नगर पालिका अध्यक्ष ने किया लोकार्पण, कहा यह झंडा सब मे भरेगा देश प्रेम की भावना

आकाश दत्त मिश्रा

मुंगेली में जारी विकास कार्यो की कड़ी में बुधवार को नया अध्याय उस समय जुड़ गया, जब मुंगेली के स्टेडियम परिसर में 50 फीट ऊंचे स्तंभ पर राष्ट्रीय ध्वज विशालकाय तिरंगा फहराया गया। पृथक जिला बनने के बाद मुंगेली में विकास और सौन्दर्यीकरण के कार्य लगातार किए जा रहे हैं। आजादी के अमृत महोत्सव के क्रम में अन्य शहरों की भांति मुंगेली में भी विशाल तिरंगा लगाया गया है। मुंगेली के खेल परिसर प्रांगण में 50 फीट ऊंचे स्तम्भ पर विशालकाय राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत उद्घाटन बुधवार शाम को नगर पालिका अध्यक्ष गुरु हेमेंद्र गोस्वामी द्वारा किया गया। उन्होंने बटन दबाकर और रिबन काटकर उद्घाटन किया। विशालकाय शान से लहराते तिरंगा के आसपास हाई मास्ट और अन्य लाइट लगाए गए हैं, जिस का भी उद्घाटन इस अवसर पर किया गया। तिरंगे के उद्घाटन के बाद यहां राज्य गीत अरपा पैरी के धार और वंदे मातरम गाकर राष्ट्रप्रेम का इजहार किया गया।

इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष हेमेंद्र गोस्वामी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हम सब में देश प्रेम और देश के प्रति कुर्बान होने का जज्बा भरता है। यह देश की शान का प्रतीक है, जो हम में एकता की भावना भी संचारित करता है। उन्होंने कहा कि मुंगेली में उनके कार्यकाल में लगातार विकास कार्य और सौंदर्यीकरण की योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। भविष्य में शीघ्र ही इसी परिसर में शहीद स्मारक बनाने की भी बात उन्होंने कही। साथ ही इस प्रयास में जिला प्रशासन और वर्तमान कलेक्टर के सहयोग की भी उन्होंने मुक्त कंठ से सराहना की। विशाल तिरंगा के लोकार्पण अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष हेमेंद्र गोस्वामी के अलावा कलेक्टर राहुल देव,एसपी चंद्र मोहन सिंह, एडिशनल कलेक्टर तीरथ राज अग्रवाल, एसडीएम अमित सिंह श्री निवास ठाकुर, राहुल कुर्रे, प्रभु मल्लाह और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने मुंगेली में स्थापित इस शान से लहराते तिरंगे को सलामी देते हुए कहा कि अब यह तिरंगा मुंगेली की कई पहचानो में से एक होगा, जो हममें सदा राष्ट्रवाद की भावना भरता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!