मानसून के दस्तक के साथ ही मुंगेली की जागृति महिला मंडल की जागरूक महिलाओं ने किया वृहद वृक्षारोपण, लगाए गए सभी पौधों के संरक्षण का भी लिया संकल्प

आकाश दत्त मिश्रा

हम आने वाली पीढ़ी को बेहतर दुनिया दे सके, यह हमारी जिम्मेदारी और कर्तव्य भी है ।लगातार बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग के चलते दुनिया भर का तापमान बढ़ा है। इस वर्ष मुंगेली पूरे प्रदेश में सबसे गर्म जिला रहा। इससे लोग हैरान हैं। गर्मी के मौसम की विदाई के साथ मानसून ने दस्तक दे दी है, इसी के साथ जागरूक संगठनों द्वारा मुंगेली के वातावरण को बेहतर बनाने के उद्देश्य के साथ वृक्षारोपण किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को मुंगेली के महिला जागृति महिला मंडल द्वारा चातरखार में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां आम, आंवला जामुन, नीम जैसे फलदार और छायादार वृक्ष पौधे लगाए गए ।

मुख्य बात यह है कि वृक्षारोपण नारी शक्ति द्वारा किया गया ।महिलाओं ने सभी मोर्चों पर अपनी काबिलियत साबित की है। अब महिलाओं ने मुंगेली के पर्यावरण को भी बेहतर बनाने की ठान ली है। इस प्रयास में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सावित्री सोनी, पूर्व पार्षद प्रमिला चौरसिया, जागृति महिला मंडल की अध्यक्ष मेघा मिश्रा, सरिता बाजपेई, रिंकी बनर्जी, कमल श्रीवास्तव, शीला जयसवाल मधु उप्पल और सुधा राजपूत समेत बड़ी संख्या में महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हुए पौधरोपण किया और इन पौधों के वृक्ष बनने तक इनके संरक्षण का भी संकल्प लिया।


इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए जागृति महिला मंडल की अध्यक्ष मेगा मिश्रा ने बताया कि मुंगेली शहर का बढ़ता तापमान चिंता का विषय है। नगर में जल संकट भी लगातार गहराता जा रहा है।नगर की एकमात्र नदी आगर की स्थिति निराशाजनक है , इसलिए यह मानसून वह अवसर है जब लोग बढ़-चढ़कर पौधारोपण करें। सभी खाली स्थानों पर अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाए जाए और उनकी सुरक्षा की जाए, ताकि मुंगेली का वातावरण सभी प्राणियों के रहने लायक बना रहे ।उन्होंने अपनी संस्था के उद्देश्यों के बारे में बताते हुए कहा कि उनका संगठन लगातार लोक हितकारी कार्यों मैं अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा है। वृक्षारोपण के अलावा जागृति महिला मंडल द्वारा निकट भविष्य में निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं दवा वितरण का किया जाएगा ।

वृक्षारोपण करने पहुंची जागृति महिला मंडल की सदस्य और पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सावित्री सोनी ने भी नगर के बढ़ते तापमान पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि विकास की कीमत मुंगेली चुका रहा है। शहर में विकास के नाम पर पेड़ों की कटाई हुई है लेकिन उस अनुपात में पेड़ लगाए नहीं जा रहे हैं। आम लोग भी वृक्षारोपण को लेकर उदासीन है , इसीलिए अब महिलाओं ने वृक्षारोपण की ठान ली है। उन्होंने सभी महिलाओं से आह्वान किया कि वे भी इस मानसून में अधिक से अधिक पौधे लगाकर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। मुंगेली पंडरिया रोड स्थित चातर खार गांव में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान सभी ने वृक्षों को अपना मित्र मानते हुए उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!