किसानों पर लाठीचार्ज और धान खरीदी के मुद्दे पर धरने में शामिल हुए प्रबल प्रताप , कहा प्रदेश सरकार की उल्टी गिनती शुरू

प्रवीर भट्टाचार्य

धान खरीदी मुद्दे पर कांकेर के केशकाल में किसानों पर हुए लाठीचार्ज मामले में भाजपा द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट आ गई है, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने 22 फरवरी से प्रदेश व्यापी आंदोलन की शुरुआत की है। सभी जिलों में धरना प्रदर्शन कर कॉन्ग्रेस के खिलाफ माहौल तैयार किया जा रहा है । इसी कड़ी में कवर्धा कलेक्ट्रेट के सामने आयोजित भारतीय जनता पार्टी के धरना प्रदर्शन में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विजय शर्मा और उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव शामिल हुए। इन्होंने यहां प्रदेश की कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया।  प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने यहां संबिधित करते हुए कहा कि भाजपा के शासनकाल में किसान बड़े आराम से अपना धान बेच पाते थे लेकिन कांग्रेस सरकार ने किसानों के साथ छलावा किया  है। 

एक तरफ प्रदेश की सरकार दावा करती है कि किसानों से 47 लाख क्विंटल धान की खरीदी की गई है जो कि विगत वर्षों से 2 लाख क्विंटल अधिक है।  दावा किया जा रहा है कि किसानों का एक-एक दाना धान खरीदा जा चुका है ,लेकिन सरकारी आंकड़े ही बताते हैं कि प्रदेश में पंजीकृत किसानों की संख्या सवा लाख है और एक लाख किसानों ने ही धान बेचा है । यानी सरकारी आंकड़े के अनुसार ही 25000 किसान अपना धान बेचने से वंचित रह गए हैं।  पहले तो राज्य शासन ने और अदूरदर्शिता दिखाते हुए 15 नवंबर की जगह 1 दिसंबर से धान की खरीदी शुरू की और फिर खुद ही कृत्रिम रूप से बारदानों की कमी पैदा की ताकि किसानों का धान ना खरीदना पड़े।  हालाकी दिखावे के लिए धान खरीदी की तिथि 5 दिन और 20 फरवरी तक बढ़ाई गई लेकिन टोकन कटने के बावजूद बारदाना ना होने से हजारों किसान अपना धान नहीं बेच पाए,  लेकिन किसानों की समस्या को समझने की बजाय प्रदेश की हत्यारी और निर्मम सरकार ने केशकाल में किसानों पर ही लाठीचार्ज करवा दिया।

श्री जूदेव ने  आगे कहा कि इसी के साथ कांग्रेस सरकार के पतन की शुरुआत हो गई है। उन्होंने कहा कि सत्ता की लालच में कांग्रेसी नेताओं ने हाथ में गंगा जल लेकर झूठी कसमें खाई थी लेकिन सत्ता में आते ही सरकार अपने वायदों से मुकर गई है।  इस मुद्दे पर लाठीचार्ज के लिए सरकार की भर्त्सना करते हुए धान खरीदी की अवधि 15 दिन और बढ़ाने की मांग की गई । साथ ही धान खरीदी मामले में श्वेत पत्र जारी करने की भी मांग भारतीय जनता पार्टी ने की है।  कवर्धा के मंच से बोलते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने किसानों को सब्जबाग दिखाए थे । कहा था कि 25 सौ रुपये प्रति क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी।  प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान खरीदा जाएगा।  सभी को 2 वर्ष का बकाया बोनस देंगे ।किसानों की कर्ज माफी और उन्हें मुफ्त बिजली देने का झुनझुना थमाया गया था लेकिन सत्ता में आने के बाद किसानों के पीठ पर लाठी बरसाए जा रहे हैं।  उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस के किसान विरोधी रवैये पर किसानों का आक्रोश फूट पड़ा है और भारतीय जनता पार्टी इस मामले को विधानसभा में भी उठाएगी ।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकाल में धान खरीदी की एक बेहतर व्यवस्था कायम हो गई थी जिसे कांग्रेस ने आते ही नेस्तनाबूद कर दिया।  धान खरीदी और किसानों पर लाठीचार्ज के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी लगातार धरना प्रदर्शन और आंदोलन करने की बात कह रही है। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा नेता और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!