
शशि मिश्रा
लालपुर पुलिस ने दिव्यांग युवती से दुष्कर्म के सनसनी खेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, थाना लालपुर क्षेत्र के एक गांव में 25 जुलाई की दोपहर पीड़िता के माता-पिता खेत में काम करने गए थे। घर पर अकेली मौजूद दाहिने हाथ और दाहिने पैर से दिव्यांग युवती के साथ पड़ोसी सोनू उर्फ जगन बघेल ने जबरन दुष्कर्म किया। माता-पिता के घर लौटने पर पीड़िता ने रोते हुए पूरी घटना बताई, जिसके बाद थाना लालपुर में तत्काल अपराध क्रमांक 119/26 के तहत धारा 64(1), 64(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने पीड़िता का बयान एवं चिकित्सीय परीक्षण कराया, साक्ष्य एकत्र किए और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्राम बेलसरा, जिला बिलासपुर में घेराबंदी कर आरोपी सोनू उर्फ जगन बघेल (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर 27 जुलाई को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
