
शशि मिश्रा

प्रेमी के झूठे वायदों के झांसे में आकर एक और युवती ने अपना तन- मन सब सौंप दिया लेकिन मन भर जाने पर प्रेमी ने उसे दूध में से मक्खी की तरह निकाल फेंका और युवती अब इस थाने से उस थाने का चक्कर लगा रही है।
मूलतः अनूपपुर की रहने वाली 21 वर्षीय युवती पिछले 3 सालों से सिंधी कॉलोनी, स्मार्ट रोड, तिरंगा चौक के पास बिलासपुर में किराए के मकान में रहती है और प्राइवेट जॉब करती है । इसी दौरान वह अक्सर किराने का सामान लेने अपने मोहल्ले में मौजूद पवन किराना स्टोर जाती थी, जहां का संचालक स्थानीय निवासी पवन मतलानी का दिल उस पर आ गया और उसने पुष्पा नाम की महिला को मध्यस्थ बनाकर अपने प्रेम का इजहार किया।
युवती भी धीरे-धीरे पवन से प्यार करने लगी और दोनों चोरी छुपे मिलने लगे।

बताया जा रहा है पवन मतलानी ने जल्द ही युवती से विवाह करने का वायदा किया और अक्सर अपने साथ इधर-उधर घूमाने ले जाने लगा। इसी दौरान मौका पाकर उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध बना लिए । युवती ने भी उसकी बातों पर भरोसा किया और उसके सामने पूरी तरह समर्पित हो गई । करीब 4 महीने तक पवन उसे सरकंडा स्थित न्यू शारदा गेस्ट हाउस ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
बताते हैं कि पवन मतलानी ने इस बीच युवती का परिचय अपने माता-पिता और परिजनों से भी कराया जो भी कथित तौर पर इस विवाह के लिए राजी हो गए । सब कुछ ठीक चल रहा था इसी बीच पवन कभी अपने कमरे तो कभी-कभी गेस्ट हाउस ले जाकर युवती की इच्छा के विरुद्ध उससे शारीरिक संबंध बनाता रहा।
फिर अचानक एक दिन पवन मतलानी के तेवर बदल गए। उसने युवती को बुलाकर कहा कि हम शादी नहीं करेंगे बल्कि ऐसे ही हमेशा साथ रहेंगे। इसके बाद उसने उस युवती के साथ बातचीत करना भी कम कर दिया। जब युवती ने विरोध किया तो दोनों के बीच झगड़ा हुआ । जानकारी पवन के परिजनों को हुई तो उन्होंने दोनों के बीच सुलह कराने के लिए बैठक की और वायदा किया कि एक सप्ताह के भीतर दोनों का विवाह कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं उन्होंने युवती से कहा कि वह बेफिक्र होकर उनके ही साथ उनके घर में रह सकती है। पीड़िता एक बार फिर उनके झांसे में आ गई। और पवन मतलानी के ही घर पर रहने लगी। इसी दौरान पवन ने जब अवसर मिला, उसके साथ शारीरिक संबंध बनाएं।
लेकिन इसी दौरान केवल पवन मतलानी ही नहीं उसके पूरे परिवार का व्यवहार युवती के प्रति बदल गया। माता-पिता और पवन की बहन इस युवती के साथ दुर्व्यवहार करने लगे। उसे चरित्रहीन बताते हुए साफ कह दिया कि उनका बेटा उससे विवाह नहीं करेगा।
निराश होकर पीड़िता सिविल लाइन थाने पहुंची तो पुलिस ने दोनों को बुलाकर समझौते का प्रयास किया। दोनों को विवाह करने की सलाह दी। कहते हैं कि दोनों विवाह के बाद किस तरह का व्यवहार करेंगे , इसे लेकर एक राजीनामा भी बनाया गया । जिस पर दोनों ने अपनी सहमति से हस्ताक्षर भी किये लेकिन उसके बाद भी पवन मतलानी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और वह युवती को टहलाता रहा।
युवती समझ गई कि उसे झूठे आश्वासन लेकर अपना मकसद पूरा कर लिया क्या है। इसके बाद वह पवन मतलानी के खिलाफ दुष्कर्म का रिपोर्ट दर्ज कराने सिविल लाइन थाने पहुंच गई, लेकिन उसे निराशा हाथ लगी। पुलिस ने एफआईआर तो नहीं किया लेकिन इसकी खबर किसी तरह पवन मतलानी को जरूर हो गई , जिसने युवती पर दबाव बनाने के लिए कथित तौर पर फिनायल पी लिया और बीमार होकर इलाज के नाम पर बिलासपुर के एक प्रसूति गृह में भर्ती हो गया । बताया जा रहा है कि इस प्रसूति गृह के संचालक पवन मतलानी के परिचित है। इससे ही आप पवन मतलानी की नौटंकी समझ सकते हैं कि जहर खाने के बाद कोई भला इलाज के लिए किसी गर्भवती महिला की तरह प्रसूति गृह में क्यों भर्ती होगा।
इधर युवती के अनुसार पुलिस ने भी इसी बहाने एफआईआर दर्ज करने से मना कर दिया और मामले को टालते रहे। थाना क्षेत्र का भी विवाद बताया गया। पीड़ित को सिविल लाइन थाने से सरकंडा थाने भेजा गया लेकिन वहां भी उसे घुमाया जाता रहा। आखिर निराश होकर युवती इसकी शिकायत करने के लिए एसएसपी के पास पहुंच गई । इसके बाद किसी तरह सरकंडा थाने में पवन मतलानी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया, लेकिन जैसे ही पुलिस पवन मतलानी को गिरफ्तार करने पहुंची तो पता चला कि जो पवन मतलानी कल तक फिनाइल पीकर मरणासन्न था वह तो अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर कहीं फरार हो गया है।
पीड़ित ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि वह बार-बार पुलिस से गुहार लगाती रही कि बलात्कारी पवन मतलानी को गिरफ्तार कर लिया जाए लेकिन पुलिस ने उसे भागने का पूरा अवसर दिया, जिसका फायदा पवन मतलानी ने उठाया और वह फरार हो गया है ।
पुलिस ने पवन के खिलाफ बलात्कार के आरोप में एफआईआर दर्ज किया है लेकिन युवती का कहना है कि उसे पवन मतलानी के माता-पिता और बहन ने भी बहुत टॉर्चर किया है, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए । फिलहाल पवन मतलानी फरार है और उसकी भूतपूर्व प्रेमिका को इस बात का इंतजार है कि कब पुलिस उसे गिरफ्तार कर उसे जेल भेजती है। हालांकि अगर पवन अब भी विवाह के लिए राजी हो जाता तो उसे आज यह दिन नहीं देखना पड़ता। साथ ही यह घटन उन सभी युवतियों के लिए सबक है जो केवल किसी वायदे के भरोसे अपना सब कुछ विवाह के पहले सौंप देती हैं और बाद में धोखा खाने पर इसी तरह पछताती हैं।
