

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना पुलिस ने व्यापार विहार क्षेत्र में संचालित एक अवैध हुक्का बार पर छापामार कार्रवाई करते हुए 6 हुक्का सहित हुक्का संचालन में प्रयुक्त बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया है। मामले में दो संचालकों के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेंट जेवियर्स स्कूल के पास व्यापार विहार स्थित मकान क्रमांक V-05 की तीसरी मंजिल पर श्रीकांत प्रजापति और सोनू दास मानिकपुरी अवैध रूप से हुक्का बार संचालित कर रहे हैं। यहां ग्राहकों को तम्बाकू युक्त फ्लेवर मिलाकर प्रति घंटे के हिसाब से शुल्क लेकर हुक्का पिलाया जा रहा था, जिससे अवैध रूप से आर्थिक लाभ कमाया जा रहा था।
सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सिविल लाइन पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद हुक्का पी रहे ग्राहक मौके से भाग निकले। वहीं हुक्का बार के संचालक श्रीकांत प्रजापति (निवासी कुम्हारपारा, जरहाभाठा, बिलासपुर) और सोनू दास मानिकपुरी (निवासी फंदवानी, जिला मुंगेली) भी फरार हो गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 6 कांच के हुक्का पॉट, 10 हुक्का पाइप, तीन पैकेट जेल फ्लेवर, दो स्मोकिंग सिरना, 10 हुक्का टिप्स तथा एक स्टील की चिमटी जब्त की है।
इस मामले में थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 993/2026 के तहत सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम की धारा 4, 21(1) एवं 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
