
बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम अमाली में एक 55 वर्षीय महिला का शव गांव के कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। महिला बीती 17 जुलाई की रात से लापता थी, जिसकी तलाश परिजन और ग्रामीण लगातार कर रहे थे। सोमवार को उसका शव गांव के कुएं में मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान अघनिया बाई साहू (55), पिता चेतन राम, निवासी ग्राम अमाली के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 17 जुलाई की रात भोजन करने के बाद वह टीवी बंद कर अपने कमरे में सोने चली गई थी। अगले दिन सुबह जब वह घर में नहीं मिली तो परिजनों ने रिश्तेदारों और ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर कोटा थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
इसी दौरान ग्रामीणों ने गांव के कुएं में एक शव तैरता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक पहचान के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि अघनिया बाई पिछले करीब 35 वर्षों से अपने मायके में रह रही थीं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उनकी मौत दुर्घटनावश कुएं में गिरने से हुई या उन्होंने आत्महत्या की। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
गौरतलब है कि इसी कुएं में कुछ दिन पहले एक युवक का शव भी मिला था। लगातार दूसरी मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ ग्रामीण इसे अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र से जोड़कर भी देख रहे हैं, हालांकि पुलिस ने ऐसी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है और मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
