
पेण्ड्रा। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के एक संस्कृत शिक्षक पर छात्रा को बहला-फुसलाकर सूने घर ले जाने और करीब चार घंटे तक बंधक बनाकर रखने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर पेण्ड्रा पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित छात्रा के पिता ने शिकायत में बताया कि उनकी बेटी 15 जुलाई को सुबह करीब 11:30 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में स्कूल के संस्कृत शिक्षक अमित शर्मा मिले, जो कथित तौर पर उसे अपने साथ ले गए। आरोप है कि शिक्षक छात्रा को एक सूने घर में ले गया, जहां उसे करीब चार घंटे तक रखा गया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने आरोपी शिक्षक की लात-घूंसों से पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पेण्ड्रा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
