

बिलासपुर। नेशनल हाईवे पर सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस, जिला प्रशासन, परिवहन विभाग, एनएचएआई और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 45 अवैध निर्माण हटाकर अतिक्रमण मुक्त कराया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर किए गए अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहन चालकों और परिचालकों को नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही हाईवे किनारे संचालित होटल, ढाबा, पेट्रोल पंप, पंचर दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को मुख्य मार्ग पर वाहन खड़े नहीं करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।

संयुक्त टीम ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नेशनल हाईवे की भूमि पर अनधिकृत रूप से किए गए निर्माण और अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। अभियान के तहत अब तक 45 अवैध निर्माण हटाए जा चुके हैं, जबकि अन्य स्थानों पर भी चिन्हांकन कर कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने हाईवे किनारे व्यवसाय करने वाले सभी लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों और सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ही व्यवसाय संचालित करें, ताकि हाईवे पर दुर्घटनाओं की आशंका कम हो और यातायात सुरक्षित बना रहे।
