
यूनुस मेमन

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीगांव के पास हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई। दुर्घटना किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई, जिसके बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामसनेही दिनकर (65 वर्ष), पिता बिसाहू राम, अपने गांव लखराम से बाइक पर सवार होकर कोनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रानीगांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि रामसनेही दिनकर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर दुर्घटना के संबंध में जानकारी एकत्र कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
