बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस का घेराव, पुलिस से हुई धक्कामुक्की

बिलासपुर। बिजली दरों में 1 जुलाई से प्रस्तावित बढ़ोतरी के विरोध में बुधवार को शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तिफरा स्थित बिजली कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यालय परिसर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गेट पर रोक दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच धक्कामुक्की की स्थिति बन गई।

दोपहर करीब 12 बजे शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, विजय केशरवानी, विजय पांडेय, राजेंद्र शुक्ला, रविंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता तिफरा स्थित बिजली कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के भीतर जाने का प्रयास किया, लेकिन पहले से तैनात पुलिस बल ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया।

करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन पुलिस ने जलते हुए पुतले पर पानी डालकर आग बुझा दी। बाद में कांग्रेस नेताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर बढ़ी हुई दरें वापस लेने की मांग की।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में आम उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत दी गई थी, जबकि वर्तमान सरकार बिजली दरों में वृद्धि कर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने आरोप लगाया कि पहले बिजली बिल हाफ योजना बंद की गई और अब दरों में बढ़ोतरी कर उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि बिजली के नाम पर जनता से अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि बढ़े हुए बिजली बिल और अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

प्रदर्शन में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, तिफरा ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू, सुभाष ठाकुर, ब्रह्मदेव सिंह ठाकुर, राजेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान

बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। बुधवार को जिला स्तर पर प्रदर्शन आयोजित किए गए। अगले चरण में गुरुवार को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों में कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इस क्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता धनेंद्र साहू के भी बिलासपुर पहुंचने की संभावना है।

झंडों के बिना हुआ प्रदर्शन

जिला मुख्यालय में आयोजित इस प्रदर्शन की एक विशेष चर्चा यह रही कि आंदोलन के दौरान कांग्रेस का झंडा दिखाई नहीं दिया। सामान्यतः कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन से झंडों के साथ रैली निकालते हैं, लेकिन इस बार अधिकांश नेता और कार्यकर्ता सीधे तिफरा ओवरब्रिज के पास एकत्रित हुए और झंडे साथ लाना भूल गए। परिणामस्वरूप पूरा प्रदर्शन केवल तख्तियों और बैनरों के सहारे चलता रहा, जिसकी राजनीतिक गलियारों में चर्चा होती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!