

18 ग्राम पंचायतों से पहुंचे ग्रामीण, 824 आवेदन प्राप्त,,,,
संवाददाता/ सौरभ साहू,
अम्बिकापुर जिला सरगुजा छत्तीसगढ़।।
सरगुजा/अम्बिकापुर, दिनांक 22 मई 2026, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और जनसरोकारों को केंद्र में रखकर संचालित सुशासन तिहार के अंतर्गत जिले में लगातार समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत पुहपुटरा क्लस्टर में विशाल जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जहां 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
शिविर में छत्तीसगढ़ पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा अम्बिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, मांगें और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शासन गांव तक पहुंचा, लोगों को मिली राहत
समाधान शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों से संबंधित कुल 824 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 770 मांग संबंधी तथा 54 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। सभी आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में निराकरण हेतु प्रेषित किया गया। छत्तीसगढ़ कैबिनेट मंत्री, राजेश अग्रवाल ने कहा कि सुशासन तिहार का मूल उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ऐसी व्यवस्था विकसित कर रही है, जिसमें लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि गांव स्तर पर ही उन्हें राहत और सुविधा उपलब्ध हो सके।
“जनता की समस्याओं का समाधान ही सुशासन का आधार”
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री अग्रवाल ने कहा कि सुशासन तिहार केवल शिकायत निवारण का अभियान नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशील प्रशासन के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक
आवेदन पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए तथा आवेदकों को उनके आवेदन की स्थिति और समाधान की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए।

26 विभागों के स्टॉल बने जनजागरूकता का केंद्र
शिविर में लगभग 26 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों को शासन की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, खाद्य, पशुधन विकास, मनरेगा और पंचायत विभाग सहित अनेक विभागों ने शिविर में सक्रिय सहभागिता निभाई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड एवं टीबी मुक्त सरगुजा अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य जांच की गई। आधार कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड के लिए विशेष शिविर आयोजित किए गए। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम संपन्न कराया गया।
“आकांक्षा हाट” बना आकर्षण का केंद्र
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान अंतर्गत “आकांक्षा हाट” का आयोजन भी किया गया, जिसमें स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को देखकर लोगों ने सराहना की और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लगभग 50 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को “खुशियों की चाबी” एवं पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कृषि विभाग द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड और मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड एवं स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए गए, जबकि खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड वितरित किए गए। मनरेगा विभाग द्वारा जॉब कार्ड एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न पेंशन योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
शासन और जनता के बीच मजबूत हो रहा भरोसा
कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक अनूठी पहल है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ गांव स्तर पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे आमजन में सरकार के प्रति विश्वास और संतोष का वातावरण निर्मित हो रहा है।
शिविर में इनकी रही मुख्य उपस्थिति
शिविर में जनपद अध्यक्ष, शशिकला सिंह, उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, एसडीएम रामराज सिंह, तहसीलदार अमन चतुर्वेदी, जनपद पंचायत सीईओ, प्रकाश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
