पुरुषोत्तम मास में नृसिंह मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान व भंडारे का आयोजन, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

बिलासपुर। सकरी क्षेत्र के ग्राम हॉफा स्थित भगवान नृसिंह नाथ जी मंदिर में पवित्र पुरुषोत्तम मास के अवसर पर भव्य धार्मिक अनुष्ठान एवं प्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं मानस प्रेमी शामिल हुए। मंदिर परिसर पूरे दिन भक्तिमय माहौल से गूंजता रहा।

मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य धनेश उपाध्याय ने बताया कि पुरुषोत्तम मास की शुरुआत 17 मई से हुई है, जो 15 जून तक चलेगा। यह महीना भगवान विष्णु को समर्पित माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस माह में पूजा-पाठ, जप, दान और अनुष्ठान करने से कई गुना अधिक पुण्य फल की प्राप्ति होती है तथा आध्यात्मिक शांति एवं मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है।

कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से कलश स्थापना, भगवान नृसिंह के अभिषेक और महाआरती के साथ हुई। इसके बाद श्रीरामचरितमानस पाठ, मानस गायन एवं मंत्रोच्चार का आयोजन किया गया। सुमधुर भजनों और धार्मिक गायन से मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और दिव्य हो गया।

आचार्य धनेश उपाध्याय ने पुरुषोत्तम मास की महिमा का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भगवान नारायण की आराधना का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि इस पवित्र माह में किए गए सकाम और निष्काम कर्मों का फल सामान्य दिनों की अपेक्षा कई गुना अधिक प्राप्त होता है।

महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद भंडारे का वितरण किया गया। आयोजन में पंडित विजय पाठक शास्त्री, पंडित रमेश अवस्थी, पंडित संजय तिवारी, पंडित शत्रुघ्न उपाध्याय, पंडित रामकुमार उपाध्याय, पंडित महेश उपाध्याय, पंडित निर्मल कुमार शर्मा, बसंत महाराज, निधि दुबे, रोली दुबे, सोनल उपाध्याय, क्रियांश उपाध्याय, हेमाक्षी प्रिया उपाध्याय, भेदी कैवर्त, गोपीचंद यादव, पवन अवस्थी, रमेश उपाध्याय, वाची उपाध्याय, भागवत प्रसाद साहू, माधव श्रीवास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!