

मुंगेली। थाना सरगांव क्षेत्र में बारात से लौट रहे लोगों पर चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या करने वाले फरार आरोपी को मुंगेली पुलिस ने पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले का मुख्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8-9 मई 2026 की रात ग्राम लखराम निवासी रवि वर्मा (20) ने अपने साथी सुधीर केवट के साथ मिलकर बारात से लौट रहे लक्ष्मी प्रधान, सूरज कश्यप एवं अन्य लोगों के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए चाकू और हाथ-मुक्कों से मारपीट की थी। इस घटना में लक्ष्मी प्रधान की मौत हो गई थी, जबकि अन्य लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।
थाना सरगांव में इस मामले में अपराध क्रमांक 89/2026 के तहत धारा 296, 103(1), 109, 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने पूर्व में मुख्य आरोपी सुधीर केवट को गिरफ्तार कर जिला जेल मुंगेली भेज दिया था, जबकि रवि वर्मा लगातार स्थान बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में साइबर टीम और थाना सरगांव पुलिस की संयुक्त टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन से उज्जैन से लौट रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पहुंचकर घेराबंदी की। ट्रेन पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने डिब्बों में चढ़कर आरोपी की पहचान की और उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते हुए उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए जाना बताया, लेकिन बाद में मनोवैज्ञानिक पूछताछ में उसने वारदात में शामिल होना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि घटना के बाद वह गिरफ्तारी के डर से उज्जैन में छिपा हुआ था। पैसे खत्म होने के कारण वह वापस लौट रहा था और आगे पैसे की व्यवस्था कर जगन्नाथ पुरी जाने की योजना बना रहा था। पुलिस ने आरोपी रवि वर्मा को विधिवत गिरफ्तार कर 22 मई 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष कुमार शर्मा, उप निरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी, प्रधान आरक्षक यशवंत डाहिरे, आरक्षक राहुल यादव, राम कश्यप, हकीम अली एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
