

सीपत पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंधी चारपारा में रेड कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 24 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 4,800 रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “चेतना विरुद्ध नशा अभियान” के तहत की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर सीपत पुलिस ने 8 मई 2026 को ग्राम पंधी चारपारा में दबिश दी, जहां अवैध शराब बिक्री का कारोबार संचालित किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी ऋषि सूर्यवंशी पिता राधेश्याम सूर्यवंशी, उम्र 40 वर्ष, निवासी पंधी चारपारा थाना सीपत जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 24 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद कर विधिवत जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
