

बिलासपुर
सीपत पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बालिका को राजनांदगांव जिले से बरामद किया और आरोपी को जेल भेज दिया है।
8 अगस्त 2025 को प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग लड़की को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इस शिकायत पर थाना सीपत में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
बिलासपुर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि आरोपी संत कुमार शाह, बालिका को लेकर राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र में छिपा है। सीपत पुलिस की टीम ने डोंगरगढ़ पुलिस के सहयोग से दबिश देकर बालिका को बरामद किया और आरोपी को हिरासत में लिया।
जांच में यह पाया गया कि आरोपी ने बालिका को बहला-फुसलाकर उसका शारीरिक शोषण किया था। इसके आधार पर पुलिस ने मामले में धारा 87, 64(एम) और पाक्सो एक्ट की धारा 4(2) व 6 के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम संत कुमार शाह (21 वर्ष) है, जो ग्राम दर्राभाठा, थाना सीपत का निवासी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
