फेंसिंग में करंट दौड़ाने से भैंसों की मौत, वीडियो वायरल होने पर मामला उजागर


बिलासपुर/तखतपुर।
जिले के तखतपुर क्षेत्र में फसल सुरक्षा के नाम पर अवैध रूप से फेंसिंग में बिजली प्रवाहित करने का मामला सामने आया है, जिससे करंट की चपेट में आकर कई भैंसों की मौत हो गई। घटना को दबाने के प्रयास में खेत मालिक द्वारा मृत पशुओं को बिना सूचना दफना देने का आरोप है। अब घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सागर में एक किसान ने अपनी रबी फसल को बचाने के लिए खेत की फेंसिंग में बिजली का करंट प्रवाहित कर दिया था। इसी दौरान करेली क्षेत्र के दो किसानों की भैंसें खेत के पास पहुंच गईं और करंट की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई।


आरोप है कि घटना के बाद खेत मालिक ने बिना प्रशासन या पशु मालिकों को सूचना दिए मृत भैंसों को दफना दिया। हालांकि, कुछ ग्रामीणों ने घटना की तस्वीरें और वीडियो बना लिए, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।


जब भैंसें घर नहीं लौटीं तो उनके मालिक तलाश में निकले। जांच के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उनकी भैंसें गोपाल सतनामी के खेत के पास मृत पाई गई थीं और उन्हें दफना दिया गया है।


घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है, जिसके बाद संबंधित विभाग द्वारा जांच शुरू कर दी गई है। इधर, गौ रक्षक संगठनों ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में फसल सुरक्षा के नाम पर अपनाए जा रहे खतरनाक और अवैध तरीकों पर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!