

बिलासपुर।
शहर के कोनी थाना क्षेत्र में आमजन को डराने-धमकाने और गुंडागर्दी करने वाले दो युवकों को पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आरोपियों के कब्जे से तलवार बरामद की गई है। पुलिस ने इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 अप्रैल को सूचना मिली कि बड़े कोनी क्षेत्र में एक युवक तलवार लहराकर लोगों को डरा रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और भागने की कोशिश कर रहे आरोपी अंकित कुमार यादव (24) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तलवार जब्त की गई।
वहीं दूसरे मामले में 29 अप्रैल को ग्राम रमतला रोड, आधारशिला स्कूल के सामने एक युवक द्वारा धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को भयभीत करने की सूचना मिली। थाना प्रभारी निरीक्षक राजश्री दाम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी अनुराग यादव (19) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से तलवार जब्त कर ली गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना कायम रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
