

बिलासपुर, दिनांक 13 जून 2026।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अंतर्गत इस वर्ष की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग (स्वस्थ वृद्धावस्था हेतु योग)” के अनुरूप आज बिलासपुर जिले में विभिन्न स्थानों पर योग शिविरों का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में कल्याण कुब्ज वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योग शिविर आयोजित किया गया। शिविर में वृद्धजनों को उनकी आयु एवं स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास के माध्यम से वृद्धावस्था में शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने का संदेश दिया गया।

साथ ही माता की कुटिया, बहतराई में भी योग शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में योग अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक अविनाश दुबे एवं सतीश बररेट द्वारा कल्याण कुब्ज वृद्धाश्रम में योग प्रशिक्षण प्रदान किया गया। वहीं माता की कुटिया वृद्धाश्रम में, बहतराई में लिली ठाकुर एवं रामेश्वर बरगाह द्वारा योगाभ्यास कराया गया।
यह कार्यक्रम जिला कलेक्टर महोदय के निर्देशन तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशपाल सिंह ध्रुव के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। आयुष विभाग द्वारा आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले में निरंतर योग जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि समाज के सभी वर्गों को योग के लाभों से जोड़ा जा सके।
