
यूनुस मेमन

रतनपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़वट में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां तालाब में नहाने के दौरान 9 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। मृतक थलेस धीवर, पिता राकेश धीवर, निवासी इमली भट्ठा थाना सरकंडा, बिलासपुर का रहने वाला था।
जानकारी के मुताबिक, थलेस अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में आयोजित विवाह कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम गढ़वट आया हुआ था। दोपहर लगभग 12 बजे वह अपनी मां और अन्य बच्चों के साथ गांव के मटखनवा तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान नहाते-नहाते वह और उसकी बहन तालाब के गहरे हिस्से में चले गए और डूबने लगे।
बच्चों को डूबते देख मां ने तुरंत साहस दिखाते हुए तालाब में छलांग लगाई और बचाव का प्रयास किया। इस दौरान वह बेटी को सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रही, लेकिन थलेस गहरे पानी में समा गया। कुछ देर बाद ग्रामीणों की मदद से बालक को बाहर निकाला गया।
परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
