

मुंगेली। जिले के सरगांव थाना क्षेत्र में विद्युत खंभों को क्षतिग्रस्त करने वाले ट्रेलर चालक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की लापरवाही से लगभग डेढ़ लाख रुपये की शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा था, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 अप्रैल 2026 को शाम लगभग 4 बजे ग्राम रामबोड़ चौक के पास ट्रेलर वाहन क्रमांक CG 12 S/5847 के चालक ने लापरवाही एवं खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए विद्युत विभाग द्वारा स्थापित 11 केवी लाइन के करीब 6 पीसीसी खंभों एवं विद्युत तारों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना से विद्युत विभाग को लगभग 1.50 लाख रुपये की क्षति हुई तथा आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई।
घटना के संबंध में विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर के.के. नेताम, सरगांव द्वारा थाना सरगांव में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 324(5), मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 तथा छत्तीसगढ़ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 139 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में थाना सरगांव पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। घटना के बाद फरार आरोपी की पतासाजी कर घेराबंदी करते हुए पुलिस ने आरोपी लालजी पाल (55 वर्ष), निवासी दीपका, वार्ड क्रमांक 12, जिला कोरबा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दुर्घटना करना स्वीकार किया, जिसके बाद ट्रेलर वाहन को जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
घटना के बाद विद्युत विभाग के सहयोग से क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कर विद्युत आपूर्ति को शीघ्र ही बहाल कर दिया गया, जिससे आम नागरिकों को राहत मिली।
इस कार्रवाई में थाना सरगांव पुलिस की सराहनीय भूमिका रही। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष शर्मा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक ज्वाला प्रसाद, आरक्षक सूरज धूरी, विश्वनाथ सिंह एवं सूर्यकांत धृतलहरे ने विशेष योगदान दिया।
