

बिलासपुर। शहर के लालखदान ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई जब ड्यूटी पर आ रहे एक डॉक्टर को वाहन चलाते समय झपकी आ गई और उनकी कार अनियंत्रित होकर पहले एक अन्य कार तथा फिर सवारी ऑटो से जा टकराई।
पुलिस के अनुसार, महासमुंद जिले के जम्हनीडीह बसना निवासी 29 वर्षीय टिकेंद्र प्रसाद पटेल सिम्स मेडिकल कॉलेज में पीजी सर्जरी विभाग में पदस्थ हैं। रविवार को अवकाश के बाद वे सोमवार तड़के करीब 2 बजे अपने घर से बिलासपुर के लिए रवाना हुए थे। सुबह लगभग 7 बजे लालखदान ओवरब्रिज के पास उन्हें झपकी आ गई, जिससे उनकी कार (सीजी 04 पीए 3294) अनियंत्रित हो गई।

अनियंत्रित कार पहले सामने से आ रही एक अन्य कार से टकराई और फिर सवारी ऑटो में जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ऑटो सवार मस्तूरी धनगंज निवासी 50 वर्षीय बीरस बाई डहरिया की मौके पर ही मौत हो गई। ऑटो चालक के दोनों पैर टूट गए, जबकि ऑटो में सवार अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डॉक्टर को हिरासत में लेकर थाने लाई। थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि ब्रीथ एनालाइजर जांच में डॉक्टर के शराब सेवन की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने वाहन जब्त कर डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मृतका बीरस बाई डहरिया उसी दिन सुबह गुजरात से बिलासपुर पहुंची थीं और ऑटो से अपने गांव मस्तूरी धनगंज लौट रही थीं, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया।
