

बिलासपुर।
रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर द्वारा हाईटेक बस स्टैंड बिलासपुर में नई माताओं को स्तनपान/फीडिंग के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने हेतु शिशु देखरेख कक्ष का निर्माण कराया गया, जिसका उद्घाटन माननीया मेयर श्रीमती पूजा विधानी एवं बिलासपुर नगर निगम के कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में मेयर श्रीमती पूजा विधानी ने रोटरी क्लब द्वारा किए गए इस अनुकरणीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से माताओं को सार्वजनिक स्थानों पर सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण मिलता है। वहीं कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने रोटरी के समाज सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इस परियोजना की सोच को सराहनीय बताया।
कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर की अध्यक्ष शैलजा शुक्ला ने अपने कार्यकाल में किए गए विभिन्न समाज सेवा कार्यों की जानकारी दी तथा भविष्य में भी निरंतर समाज सेवा करते रहने का आश्वासन दिया। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए क्लब द्वारा हाईटेक बस स्टैंड परिसर में मेयर के हाथों ओआरएस घोल वितरण कार्यक्रम की भी शुरुआत की गई।
क्लब की सचिव कृतिका मोदी ने जानकारी दी कि ओआरएस घोल वितरण का यह कार्यक्रम आगामी एक माह तक शहर के विभिन्न स्थानों पर लगातार संचालित किया जाएगा।
इस शिशु देखरेख कक्ष के निर्माण का मुख्य उद्देश्य माताओं को सुरक्षित और सहज माहौल उपलब्ध कराना है, जहां वे बिना किसी झिझक के शिशुओं को स्तनपान करा सकें। साथ ही कक्ष में स्तनपान एवं शिशु पोषण से संबंधित जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए हैं।
सेवा के इस अनुकरणीय कार्य में शहर के प्रसिद्ध उद्योगपति श्री पवन अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष शैलजा शुक्ला, सचिव कृतिका मोदी, प्रोग्राम चेयर आशीष अग्रवाल, राकेश सक्सेना, एजी वंदना सिंह सहित क्लब के सदस्य डॉ. आर. ए. शर्मा, एस. पी. चतुर्वेदी, रमेश जोबनपुत्रा, डॉ. अजय पंड्या, हमीदा सिद्दीकी, रोहित शिवहरे, तपन नस्कर, किरन सिंह, अमित चक्रवर्ती, राजीव भारद्वाज, अनुज शाह, मोहम्मद वनक, उत्सव माहिस्वर, उदय रेलवानी तथा रोटरी बिलासपुर क्वींस की अध्यक्षा सीमा ठाकुर उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की जानकारी रोटरी के पूर्व सचिव चंचल सलूजा द्वारा दी गई।
