
शशि मिश्रा
बिलासपुर। नौकरी देने के बहाने एक युवक ने तलाकशुदा महिला को होटल ले जाकर अनाचार किया, फिर बहाना बनाकर 70 हजार रुपए भी वसूल लिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।
सरकण्डा पुलिस के अनुसार, तोरवा क्षेत्र में रहने वाली एक तलाकशुदा महिला अपने दो बच्चों के साथ मायके में रह रही है। महिला तोरवा चौक के पास विजय यादव के साथ डीएसी कंपनी में लोन देने का काम करती है। उसी आफिस में संदीप नाम के युवक ने लोन के लिए आफिस में आवेदन दिया था। वह महिला को झांसा देकर सरकण्डा रायल होटल लेकर गया और शादी करने की बात कहते हुए शारीरिक संबंध बनाया। उसके बाद वह हमेशा महिला को होटल में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। महिला ने शादी करने का दबाव बनाया तो युवक बहन की शादी होने के बाद शादी करने की बात कहकर घुमाने लगा।
इसी दौरान युवक ने 60 से 70 हजार रुपए भी आनलाइन के माध्यम से ले लिया। वर्तमान में युवक महिला से 6 लाख रुपए की मांग कर रहा है, नहीं देने पर बर्बाद करने व उनके बच्चे, माता पिता को मरवा देने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने उनकी रिपोर्ट पर छतदास महंत के खिलाफ बीएनएस की धारा 351, 3, 69 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।
युवक पर चाकू से हमला
बिलासपुर। युवती के साथ घूम रहे एक युवक को युवकों ने मेरी गर्लफ्रेंड के साथ क्यों घूम रहे हो कहकर पीटा और चाकू से हमला कर दिया है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। सिविल लाइन पुलिस के अनुसार, रायपुर मोवा सैलेना पैराडाईज निवासी आर्यन दुबे पिता अभय कुमार दुबे विगत 9 माह से मंगला में किराए के मकान में रहकर आटो डीलिंग का काम कर रहे हैं। 23 अप्रैल को रात 2.30 बजे वे अपने दोस्त एक युवती के साथ मैग्नेटो मॉल के पास आए। उसी समय यश उर्फ नीतिन एवं उसके साथी वहां आए और आर्यन को मेरे गर्लफ्रेंड को क्यों घूमा रहे हो कहकर गाली गलौज कर हाथ मुक्का से जमकर मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया, जिससे आर्यन के सिर, कंधा, पैर में चोट आई है। पुलिस ने आर्यन की रिपोर्ट पर यश उर्फ नीतिन एवं उसके साथियों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।
