

बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है। चकरभाठा और तारबाहर पुलिस की कार्रवाई में कुल 425 लीटर कच्ची महुआ शराब, देशी शराब की बोतलें तथा निर्माण उपकरण जब्त किए गए हैं। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
चकरभाठा क्षेत्र में 425 लीटर महुआ शराब बरामद
थाना चकरभाठा पुलिस ने ग्राम पेट्रोलिंग के दौरान मिली मुखबिर सूचना पर वर्मा मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 09 में छापेमारी की। यहां आरोपी रवि वर्मा (24 वर्ष), बंटी वर्मा (24 वर्ष) और रानी वर्मा (34 वर्ष) अपने घर के आंगन में बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब का निर्माण कर बिक्री की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 425 लीटर महुआ शराब, 4 एल्यूमीनियम डेचकी, 2 चूल्हे और 2 सिलेंडर सहित कुल 93 हजार रुपये मूल्य का सामान जब्त किया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
तारबाहर में महिला आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी सहित शराब जब्त

वहीं थाना तारबाहर पुलिस ने अलग कार्रवाई करते हुए सीएमडी चौक स्थित चर्च के सामने घेराबंदी कर एक महिला को अवैध शराब के साथ पकड़ा। आरोपी की पहचान पूनम सिंह परस्ते (36 वर्ष), निवासी इन्द्रपुरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके पास से 50 नग देशी शराब (कुल 9 लीटर) और एक स्कूटी जब्त की है। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब या अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
