चकरभाठा पुलिस की कार्रवाई: 36 लीटर महुआ शराब जब्त, महिला गिरफ्तार


बिलासपुर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 36 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सेवार निवासी सरिता वर्मा अपने घर के बाड़ी में हाथ भट्टी से निर्मित अवैध महुआ शराब रखकर बिक्री कर रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर छापेमारी की।
रेड कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से एक प्लास्टिक बोरी में रखी 12 पन्नियों में भरी कुल 36 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 7200 रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी शराब रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।
इस पर पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर सरिता वर्मा (36 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 02, दुर्गा चौक, ग्राम सेवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!