


बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र में महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास और धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 13 अप्रैल 2026 को थाना बिल्हा में शिकायत दर्ज कराई कि 26 मार्च की रात करीब 2 बजे आरोपी मुकेश कुमार ढीमर उसके घर में घुस आया। आरोपी ने चाकू अड़ाकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी मुकेश कुमार ढीमर (23 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03 बिल्हा को 14 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
