

कोनी स्थित सरकारी कुक्कुट प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद लागू प्रतिबंधों में अब प्रशासन ने आंशिक ढील दे दी है। करीब 18 दिनों बाद व्यापारियों को राहत मिली है और आज से शहर में अंडे और चिकन की बिक्री फिर से शुरू हो सकेगी। हालांकि, यह छूट कुछ सख्त शर्तों के साथ दी गई है।
पशुपालन विभाग के जेडी डॉ. एस.एस. तंवर के अनुसार, दुकानदार केवल अपने पोल्ट्री फार्म में मौजूद मौजूदा स्टॉक ही बेच सकेंगे। अगले दो महीनों तक बाहर से चिकन या अंडे मंगाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

प्रशासन ने 0 से 1 किलोमीटर के संक्रमित क्षेत्र (एपिसेंटर) में अभी भी पूरी तरह प्रतिबंध जारी रखा है, जहां पोल्ट्री पालन और बिक्री पर कम से कम तीन महीने तक रोक रहेगी। वहीं 1 से 10 किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस जोन घोषित किया गया है, जहां दुकानों को सीमित राहत दी गई है लेकिन निगरानी लगातार जारी रहेगी।
पशु चिकित्सा विभाग द्वारा इस क्षेत्र में हर 15 दिन में सैंपल जांच की जाएगी और तीन महीनों में चार चरणों में परीक्षण होंगे। सभी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही क्षेत्र को पूरी तरह रोगमुक्त घोषित किया जाएगा।
व्यापारियों का कहना है कि मौजूदा स्टॉक केवल 8 से 10 दिनों तक ही चल पाएगा। इसके बाद यदि बाहर से सप्लाई की अनुमति नहीं मिली, तो कारोबार फिर से प्रभावित हो सकता है।
इसके अलावा, कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म को भी एहतियातन तीन महीने तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
फिलहाल, सीमित छूट से व्यापारियों और उपभोक्ताओं को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन पूरी तरह सामान्य स्थिति बहाल होने में अभी समय लगेगा।
