

बिलासपुर। ICC Men’s T20 World Cup 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर देशभर के साथ-साथ बिलासपुर में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रविवार को होने वाले इस खिताबी मुकाबले में India national cricket team और New Zealand national cricket team आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है, ऐसे में फाइनल मुकाबले में रोमांचक टक्कर की उम्मीद जताई जा रही है।
भारतीय टीम के अब तक के दमदार प्रदर्शन से क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि एक बार फिर भारत विश्व चैंपियन बन सकता है। फाइनल मैच को लेकर शहर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं और कई स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मैच का सीधा प्रसारण किया जाएगा।

इसी क्रम में छत्तीसगढ़ टेंट ओनर एसोसिएशन की ओर से रविवार शाम श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित कुंदन पैलेस में बिग एलईडी स्क्रीन पर लाइव मैच दिखाने की व्यवस्था की गई है। यहां बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एक साथ बैठकर मैच का आनंद लेंगे और स्टेडियम जैसा माहौल देखने को मिलेगा। आयोजन से जुड़े अमरजीत सिंह दुआ ने बताया कि बिलासपुर के खेल प्रेमी और संगठन के सदस्य इस अवसर पर मौजूद रहेंगे और हर गेंद पर भारतीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे। उनका कहना है कि खिलाड़ी भले ही सैकड़ों किलोमीटर दूर हों, लेकिन यहां मौजूद प्रशंसकों का जोश किसी भी मायने में कम नहीं होगा।

वहीं शहर के North East Institute Bilaspur मैदान में भी मैच का सीधा प्रसारण बड़ी एलईडी स्क्रीन पर किया जाएगा। रविवार शाम 6 बजे से होने वाले इस फाइनल मुकाबले का प्रसारण खेल प्रेमियों के लिए निशुल्क रखा गया है। संस्थान की ओर से सभी क्रिकेट प्रशंसकों को इस खास मौके का साक्षी बनने और भारतीय टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
इस विशेष आयोजन को सफल बनाने के लिए संस्थान के सचिव सी. नवीन कुमार के नेतृत्व में उपाध्यक्ष अमरनाथ सिंह, सहायक सचिव संजय तिवारी, कोषाध्यक्ष बी. अनिल कुमार तथा कार्यकारिणी सदस्य हेमंत सिंह परिहार, दीपक सुब्बा, दीपक राजा गुरुग, डी. मुरलीधर, श्रीकांत पाढ़ी, टी. सन्मुख राव और श्रीराम यादव सहित संस्थान के कर्मचारी सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह आयोजन किसी उत्सव से कम नहीं होगा, जहां एक साथ बड़ी संख्या में लोग फाइनल मुकाबले का रोमांच महसूस कर सकेंगे। शहर में इस ऐतिहासिक मुकाबले को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
