

बिलासपुर। थाना सीपत क्षेत्र के ग्राम खमरिया में शुक्रवार शाम उठाईगिरी की वारदात से हड़कंप मच गया। “रमेश ज्वेलर्स” के संचालक दुकान बंद कर रहे थे, तभी बाइक सवार तीन नकाबपोश युवक दो ज्वेलरी बैग और एक अन्य बैग लेकर फरार हो गए। मामले में थाना सीपत में एफआईआर दर्ज की जा रही है और आरोपियों की तलाश में पुलिस ने नाकेबंदी कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रमेश ज्वेलर्स के संचालक दुकान बंद कर साइड में बैग रखकर ताला लगा रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक, जिनके चेहरे कपड़े से ढंके हुए थे, मौके पर पहुंचे। मौका पाकर वे दो ज्वेलरी बैग और एक अन्य बैग (जिसमें टिफिन रखा था) उठाकर तेजी से फरार हो गए। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में हुई, जिससे आसपास के लोग संभल भी नहीं पाए।
घटना की सूचना मिलते ही सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। संभावित भागने के रास्तों पर नाकेबंदी की गई है। पुलिस ने अज्ञात तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ज्वेलरी बैग में रखे सामान का आकलन किया जा रहा है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि दुकान बंद करते समय कीमती सामान सुरक्षित स्थान पर रखें और अकेले में लापरवाही न बरतें। मामले में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
