
शशि मिश्रा

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में महिला आरक्षक से रेप के आरोपी डिप्टी कलेक्टर दिलीप उइके को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है। 6 महीने पहले जिले के डौंडी थाना क्षेत्र में एक महिला आरक्षक ने शादी का झांसा देकर रेप करने का डिप्टी कलेक्टर पर आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई थी। इस दौरान वह तीन बार प्रेग्नेंट हुई, तीनों बार डिप्टी कलेक्टर ने दबाव डालकर जबरन अबॉर्शन करवा दिया था। उस दौरान उइके बीजापुर में पदस्थ थे। युवती ने शिकायत में बताया कि डिप्टी कलेक्टर ने उसके नाम से कार खरीदी, 3 लाख रुपए अपने अकाउंट में ट्रांसफर करवाए। इतना सब-कुछ किया, शादी की बात करने पर टालमटोल करता रहा। इसके बाद विवाद बढ़ा तो बातचीत बंद कर दी थी। 6 महीने तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर पीड़िता ने RTI लगाया था। आरटीआई लगाने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने डिप्टी कलेक्टर को सस्पेंड करने के साथ ही महिला को इस बात की जानकारी दी।
8 साल से चल रहा था अफेयर, प्रेग्नेंट हुई, अबॉर्शन भी कराई
आरोपी डिप्टी कलेक्टर दिलीप उइके डौंडी ब्लॉक के अंवारी गांव का रहने वाला है। डौंडी क्षेत्र की रहने वाली सीएएफ महिला आरक्षक ने बताया कि उनका परिचय साल 2017 में हुआ था। दोनों डौंडी स्थित आईटीआई में पढ़ाई कर रहे थे।
पढ़ाई के दौरान दोनों की बातचीत शुरू हुई। बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। युवती का कहना है कि दिलीप ने उससे शादी का वादा किया। फिर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने बताया कि वह और दिलीप उइके एक ही जाति के हैं। मार्च 2017 में वह पहली बार प्रेग्नेंट हुई। जब उसने यह बात दिलीप को बताई तो उन्होंने कहा कि पहले पढ़ाई पूरी होने दो, फिर शादी और बच्चे के बारे में सोचेंगे। इसके बाद, दिलीप ने उसे बहला-फुसलाकर जबरन दवा देकर अबॉर्शन करवा दिया।
हर महीने पढ़ाई के लिए देती रही पैसे
युवती ने बताया अगस्त 2017 में उसकी पुलिस विभाग में नौकरी लग गई। दिलीप ने दुर्ग साइंस कॉलेज में आगे की पढ़ाई शुरू की। शुरुआत में वह हॉस्टल में रहे, फिर किराए के मकान में रहने लगे। शादी की उम्मीद में और उनके रिश्ते के चलते वह हर महीने दिलीप की पढ़ाई, कोचिंग और अन्य खर्चों के लिए 4 से 5 हजार रुपए उनके बैंक खाते में जमा कराती रही। इस दौरान जब भी दोनों मिलते, दिलीप शादी का वादा करते हुए लगातार शारीरिक संबंध बनाते रहा।
2020 में PSC पास कर बना डिप्टी कलेक्टर
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, दिलीप उइके ने साल 2020 में पीएससी परीक्षा पास की। उन्हें डिप्टी कलेक्टर पद पर बीजापुर में पोस्टिंग मिली। नौकरी मिलने के बाद जब शादी के लिए कहा, तो दिलीप ने हर बार टालते हुए कहा कि अभी हालात ठीक नहीं हैं। पहले वह पूरी तरह से सेटल हो जाए, फिर शादी की जाएगी। युवती ने बताया कि फरवरी 2023 में दिलीप ने कार (ब्रेजा) खरीदी, जिसका नंबर CG 24T 3967 है। फरवरी 2024 में दिलीप ने कार का लोन अपने बैंक खाते से मेरे के खाते में ट्रांसफर करा दिया। इसके बाद कार को अपने नाम पर करवा लिया। दिसंबर 2024 में दिलीप उसे अंडमान घुमाने ले गया, जहां 2 से 6 दिसंबर तक दोनों के बीच संबंध बने। करीब एक महीने बाद युवती को दोबारा गर्भवती होने की जानकारी हुई। जब उसने यह बात दिलीप को बताई, तो उसने उसे बीजापुर बुलाया। वह जनवरी 2025 में करीब एक हफ्ते तक दिलीप के सरकारी क्वार्टर में रही। इस दौरान दिलीप ने समाज में बदनामी का डर दिखाकर 13 जनवरी को जबरदस्ती उसे गर्भपात की दवा दे दी।
मई 2025 में फिर गर्भपात की दवाई दी
मई 2025 में वह तीसरी बार गर्भवती हुई। लेकिन दिलीप ने शादी का झांसा देकर 15 मई 2025 को उसे जबरन गर्भपात की दवा दी। बार-बार फोन करने के बावजूद डिप्टी कलेक्टर ने कोई जवाब नहीं दिया। जब विवाद बढ़ा तो 2 जून 2025 को दिलीप शादी करने से इंकार कर दिया।
