बादलों से बदला मौसम का मिजाज, दिन का पारा 1.5° गिरा, रात का 3.7° चढ़ा23-24 फरवरी को बारिश के आसार


बिलासपुर। गर्मी का असर बढ़ने से पहले ही मौसम ने करवट ले ली है। शहर में पहली बार आसमान पर घने बादल नजर आए, जिससे बीते 24 घंटे में दिन और रात के तापमान में उल्लेखनीय बदलाव दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान जहां 1.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 32.5 से 31 डिग्री पर आ गया, वहीं न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री बढ़कर 18.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।
सुबह से ही आसमान पर बादलों का असर रहा और धूप की तीव्रता कम रही। दोपहर बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे शाम के समय हल्की ठंड का अहसास हुआ। इससे पहले एक दिन पूर्व न्यूनतम तापमान 15 डिग्री था, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम था।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हुआ है। एचपी चंद्रा के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में उत्तर राजस्थान और उससे लगे पंजाब व हरियाणा के ऊपर 3.1 से 7.6 किमी की ऊंचाई तक सक्रिय है। प्रदेश में आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं का प्रभाव कमजोर पड़ने से न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है।
उन्होंने बताया कि 23 और 24 फरवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि इसके बाद मौसम के शुष्क रहने के आसार हैं, जबकि अधिकतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
फरवरी में पहले भी हो चुकी है बारिश
बिलासपुर में फरवरी माह में पूर्व में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है। वर्ष 2020 में सबसे अधिक 78.2 मिमी वर्षा हुई थी। वहीं 24 फरवरी 2020 को 24 घंटे के भीतर 31.2 मिमी (करीब तीन सेंटीमीटर) बारिश रिकॉर्ड की गई थी। इस बार भी मौसम वैज्ञानिकों ने 24 फरवरी को बारिश की संभावना जताई है।
अन्य वर्षों की बात करें तो 2016 में 1.4 मिमी, 2017 में 0.5 मिमी, 2018 में 26.8 मिमी, 2019 में 8 मिमी, 2021 में 23.8 मिमी, 2022 में 5.3 मिमी तथा 2024 में 41.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। जबकि 2023 और 2025 में फरवरी माह में बारिश नहीं हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!