

रायपुर, 11 फरवरी 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल के मान से अंतर की राशि होली पर्व से पूर्व एकमुश्त देने के निर्णय का भाजपा किसान मोर्चा ने स्वागत किया है।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता बी.पी. सिंह ने कहा कि यह निर्णय साबित करता है कि अन्नदाता का मान ही हमारी सरकार की पहचान है लगभग ₹10,000 करोड़ की राशि 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में सीधे हस्तांतरित की जाएगी, जिससे प्रदेश के किसानों को बड़ा आर्थिक संबल मिलेगा मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि समयबद्ध तरीके से किसानों के हितों को धरातल पर उतारती है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी कर सरकार ने रिकॉर्ड स्थापित किया है
कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत बीते दो वर्षों में किसानों को धान मूल्य अंतर की राशि के रूप में ₹25,000 करोड़ से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। होली से पूर्व ₹10,000 करोड़ के भुगतान के साथ यह आंकड़ा बढ़कर ₹35,000 करोड़ से अधिक हो जाएगा
बी.पी. सिंह ने कहा कि प्रदेश की साय सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सम्मान सुरक्षित रखने और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह निर्णय न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करेगा, बल्कि होली के पर्व पर उनके घरों में खुशियों के रंग भी भरेगा भाजपा की सरकार किसान हित को सर्वोच्च प्राथमिकता मानती है और आने वाले समय में भी अन्नदाता के कल्याण हेतु ऐसे निर्णय लगातार लिए जाते रहेंगे।
